हरियाणा के झज्जर में लड़की की शादी में घर से रविवार शाम को कन्यादान डालने के लिए गए बहु गांव के एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। गांव से कनीना जाने वाले मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास कच्चे रास्ते पर शव पड़ा मिला है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गांव बहु निवासी मनोज उर्फ मोटा पुत्र अजेश ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई पवन रविवार की शाम करीब छह बजे घर से गांव के महेंद्र की लड़की की शादी में कन्यादान करने के लिए कहकर गया था। उसके बाद उसका भाई पवन वापस घर नहीं आया तो रात करीब 9 बजे उसकी भाभी सुषमा ने फोन किया तो पवन ने कहा कि वह कहीं बैठा हुआ है, देर तक आएगा।
इसके बाद पूरी रात वह घर पर नहीं पहुंचा। सोमवार की सुबह तक जब वह नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई। सुबह करीब 7: 30 बजे के आसपास सूचना मिली कि पवन कनीना रोड हनुमान मंदिर से आगे कच्चे रास्ते पर मृत अवस्था में पड़ा है। वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा तो देखा कि उसका भाई पवन मृत अवस्था में पड़ा था।
पवन की गर्दन पर काफी गहरे चोट के निशान थे। किसी ने तेजधार हथियार से गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस का कहना है कि युवक की हत्या के पीछे क्या कारण रहे हैं। इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले की जांच में जुटी है।
एफएसएल टीम को भी बुलाया मौके पर
पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने मौका मुआयना कर घटना स्थल से सबूत जुटाए हैं। वहीं मामले की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण भी सामान्य अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से जानकारी जुटाई।
हत्या करने वाले आरोपियों को सुराग नहीं लगा पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - रामकरण दहिया, थाना प्रभारी, साल्हावास।