हरियाणा के झज्जर में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है। गांव दादरी तोए के पास हाइड्रा ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिसमें प्रवासी युवक की मौत हो गई। मृतक बिहार के भागलपुरी निवासी सितेश है। सितेश की एक सप्ताह पहले कंपनी में नौकरी लगी थी। वहीं, आरोपी हाइड्रा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर हाइड्रा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार को गांव दादरी तोए के पास सड़क पर बाइक और हाइड्रा की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बिहार के भागलपुरी निवासी सितेश नामक युवक की मौत हुई है। मृतक के भाई बादल ने बताया कि वह एक सप्ताह पहले ही झज्जर में काम करने आया था। रविवार देर शाम वह खाना लेने के लिए कंपनी से कमरे पर जा रहा था। तभी गलत दिशा से आ रहे हाइड्रा चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी, पुलिस ने मौके पर पहुंच युवक को सामान्य अस्पताल में भिजवाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।