जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
बिन्झौल निवासी महिला कविता ने जीआरपी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि परिवार से उनके हिस्से में जो जमीन आई थी उस पर उन्होंने घर बनाया था। लेकिन जेठ और देवर घर बनाने का विरोध कर रहे थे। दोनों अक्सर उनके साथ लड़ाई-झगड़ा करते थे। इसकी शिकायत पति सुरेंद्र ने पुलिस को भी दी थी। इसके बाद दोनों उसके पति पर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे थे। इस कारण वह मानसिक रूप से तनाव में आ गया था।
13वीं के अगले दिन फिर पहुंचे झगड़ा करने
दो अप्रैल को सुरेंद्र गांव के पास ही रेलवे लाइन पर ट्रेन के सामने लेटकर अपनी जीवन लीला खत्म कर ली। मृतक की पत्नी कविता का आरोप है कि देवर-जेठ ने श्मशान घर में दाह संस्कार के समय पति की चिता की वीडियो बनाई और शराब पीकर जश्न मनाया था। तेरहवीं के अगले ही दिन घर पर आकर लड़ाई-झगड़ा किया।
तीन भाइयों के खिलाफ शिकायत दर्ज
कविता ने अपने जेठ बलवान, देवर विरेन्द्र व राजेन्द्र पर आरोप लगाते हुए जीआरपी थाना पानीपत में शिकायत दी थी। पुलिस ने शिकयत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। जीआरपी थाना प्रभारी विजय पाल ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवई की जाएगी।