गुड़गांव से जींद मायके जाने के लिए निकली एक महिला ने अपनी दो साल की मासूम बेटी को गोद में लेकर बहादुरगढ़ स्टेशन के पास ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
शवों के पास मिले मोबाइल के आधार पर मृतकों की पहचान हो पाई। पुलिस ने मायके व ससुराल पक्ष के लोगों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद दोनों पक्ष यहां पहुंचे।
फिलहाल घटना को इत्तफाक मानकर कार्यवाही की गई है। पुलिस के अनुसार जींद के राम नगर की निवासी रेणु की करीब तीन साल पहले पंजाब के टपा मंडी जिला बरनाला निवासी इंद्रजीत के साथ लवमैरिज शादी की थी।
शुरू में तो इस शादी पर दोनों पक्ष के परिवार को ऐतराज था, लेकिन बाद में दोनों के परिवार वाले किसी तरह मान गए।
शादी के बाद इंद्रजीत पत्नी रेणु के साथ गुड़गांव के सेक्टर-22 में रहने लगा था। वह यहां एक बीयर बार में नौकरी करता है, जबकि उसकी पत्नी रेणु गृहणी थी।
बताया गया है कि शुक्रवार को वह पति से पड़ोस में जाने की बात कहकर निकली थी। लेकिन इसके बाद वह गुड़गांव से बहादुरगढ़ तक बस से पहुंची।
इसके बाद यहां पहुंचने पर उसने पति को अपनी मां के पास जींद जाने के लिए फोन किया। पति ने कुछ दिन बाद जाने के लिए कहा। जिसके बाद रेणु का फोन बंद हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो बहादुरगढ़ से दिल्ली की तरफ पैसेंजर ट्रेन संख्या 54024 रवाना हुई तो रेलवे यार्ड के पास रेणु ने अपनी दो साल की बेटी सुखप्रीत को गोद में लेकर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
जिसके बाद दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक पर महिला व मासूम बच्ची के शव होने की सूचना पर तुरंत राजकीय रेलवे थाना प्रभारी रणबीर मलिक, एसआई स्नेहराज, मंजीत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
महिला के शव के पास मिले मोबाइल से जो अंतिम काल हो रही थी उनसे संपर्क कर उनकी पहचान तुरंत कर ली गई। जैसे ही परिजनों को इस घटना का पता चला तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई।
महिला ने यह कदम घरेलू कारणों के चलते उठाया है या फिर इसके पीछे कोई दूसरा कारण तो नहीं है, इसको लेकर जीआरपी गहन जांच पड़ताल कर रही है। मां-बेटी के शवों का सिविल हास्पिटल में पोस्टमार्टम करा परिजनों के हवाले कर दिया।
तीन दिन पहले बेटी का था जन्मदिन
तीन दिन पहले मनी थी जन्मदिन की खुशियां दोनों के परिवार वालों ने गुड़गांव में बेटी सुखप्रीत के जन्मदिन की खुशियां मनाई थी। मासूम को अपने ही हाथों से मौत की आगोश में ले जाने वाली मां के इस कदम से हर कोई सकते में है।