हरियाणा के बहादुरगढ़ में आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र (एमआईई) की एक फैक्टरी में घुसकर अज्ञात लोगों ने एक सिक्योरिटी गार्ड की चोटें मारकर हत्या कर दी। फैक्टरी में रखा मालिक का लैपटॉप, गार्ड का मोबाइल और उसकी स्कूटी भी ले गए। शनिवार सुबह किसी ने गार्ड के कमरे में खून से लथपथ शव देखा। इसकी सूचना फैक्टरी संचालक व पुलिस को दी गई। थाना शहर व एमआईई चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान के आधार पर थाना शहर में हत्या व लूटपाट का केस दर्ज किया है। गांव सिद्दीपुर लोवा निवासी रामअवतार ने बताया कि उसके पिता तसवीर सिंह एसजी सिक्योरटी गार्ड कंपनी के माध्यम से एमआईई के भाग-1 स्थित एक फैक्टरी में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे।
शुक्रवार रात को वह करीब साढ़े 7 बजे घर से भोजन लेकर अपनी बाइक से फैक्टरी नौकरी करने गए थे। रामवतार ने बताया कि वह नजफगढ़ में एमसीडी में नौकरी करता है। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे वह ड्यूटी के लिए घर से निकलने वाला था कि तभी उनके पड़ोसी ने बताया कि जहां आपके पिता नौकरी करते हैैं वहां कुछ हो गया है।
आपके पिता घर वापस आ गए हैं या नहीं। इस पर पिता तसवीर सिंह का फोन मिलाया तो वह बंद मिला। उसके बाद वह अपने छोटे भाई के साथ फैक्टरी पहुंचा। वहां फैक्टरी मालिक और काफी लोग मौजूद थे। अंदर जाकर देखा तो गेट के साथ सुरक्षा गार्ड वाले कमरे में पिता खून से लथपथ पड़े थे।
उनके कान व नाक से खून निकला हुआ था। उनके सिर के पास रसोई गैस का एक सिलिंडर पड़ा था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि पिता पर सिलिंडर से भी हमला किया गया। रामअवतार ने कहा कि पिता की किसी व्यक्ति ने चोटें मारकर हत्या की है। मौके से पिता का फोन व बाइक गायब मिली।
उधर फैक्टरी संचालक अमित ने बताया कि उनका लैपटॉप भी यहां से गायब है। सिक्योरिटी गार्ड के रूम में जिस तरह के हालात थे उससे लगता है कि फैक्टरी में चोरी के लिए घुसे लोगों ने विरोध करने पर गार्ड की चोटें मारकर हत्या कर दी।
गांव सिद्दीपुर लोवा निवासी सुरक्षा गार्ड तसवीर सिंह का रक्तरंजित शव एमआईआई स्थित फैक्टरी में मिला है। बताया जा रहा है कि कुछ सामान भी गायब है। हो सकता है बदमाशों ने चोरी का विरोध करने पर हत्या कर दी हो। हर एंगल से जांच की जा रही है। आसपास की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे कि आरोपियों के बारे में कुछ सुराग लग सके। -इंस्पेक्टर जयभगवान, एसएचओ थाना शहर, बहादुरगढ़