यदि आपके अलमारी का ताला खराब है तो किसी अनजान कारीगर को मरम्मत के लिए घर न बुलाएं। अन्यथा आप ठगी का शिकार हो सकते हैं।
ऐसी ही एक घटना लालचंद कालोनी के एक परिवार के साथ घटी है। तालों की मरम्मत करने वाले दो अज्ञात व्यक्ति (सिकलीगर) लाक ठीक करने के नाम पर अलमारी से लाखों के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिए। पीड़ित परिवार ने शहर थाना पुलिस पुलिस में शिकायत दी है।
लालचंद कालोनी की गली नंबर-3 निवासी मदनमोहन अग्रवाल की दिल्ली के नांगलोई क्षेत्र में हार्डवेयर की दुकान है। रोजाना की तरह वह काम पर गए थे।
मदन मोहन के मुताबिक, उनके घर की दो अलमारी के लाक खराब थे। बुधवार की शाम करीब पौने 5 बजे गली से ताले ठीक करने वाले दो मिस्त्री गुजर रहे थे।
उनकी आवाज सुनकर मदनमोहन की पत्नी सीमा ने लाक ठीक करने के लिए दोनों को घर के भीतर बुला लिया।
दोनों ने पहले मकान के ऊपरी तल पर रखी अलमारी के लाक को ठीक किया और उसके बाद नीचे रखी अलमारी ठीक करने के लिए आ गए।
नीचे रखी अलमारी को ठीक करते-करते उन्होंने किसी तरह मुख्य लाकर को खोल दिया। काफी देर तक काम करने के बाद एक कारीगर ने चोट का बहाना बनाया और दवा मंगवाई।
इसके बाद दोनों कल आकर ठीक करने की बात कह घर से निकल गए। उनके चले जाने के पांच-दस मिनट बाद जब घर वालों ने अलमारी को चेक किया तो लाकर का बिखरा हुआ था। काफी आभूषण और सामान गायब थे।
ठग अलमारी से सोने के तीन गले के हार, छह बालियां, चार कंगन और 20 हजार रुपये की नकदी उड़ा ले गए। मदन मोहन ने बताया कि उसे करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
उसके दो भाई भी उसके साथ इसी मकान में रहते हैं। सभी के आभूषण अलमारी में थे। जिस वक्त यह घटना हुई, घर में कोई पुरुष नहीं था।
ऊपर वाली अलमारी में भी छेड़छाड़ की गई थी, मगर उसमें कीमती सामान नहीं था। देर शाम मदन मोहन जब घर आए तो परिवार वालों ने उन्हें घटना से अवगत कराया।
इसके बाद लाइनपार थाना पुलिस में शिकायत दी गई। बृहस्पतिवार सुबह पुलिसकर्मियों ने मदन के घर पहुंच कर मुआयना किया। अज्ञात ठगों के खिलाफ एफआई आर दर्ज कर ली गई।
सीसीटीवी में कैद
करीब एक घंटे के अंतराल में मदन के मकान में इस वारदात को अंजाम दिया गया। पड़ोस के एक मकान के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
फुटेज में दोनों दिखाई दे रहे हैं। उधर, जांच अधिकारी एएसआई जयकरण ने कहा कि मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर स्कैच तैयार किए जाएंगे। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।