जहांगीरपुर बस स्टैंड के पास शनिवार को झज्जर पुलिस व बादली चौकी की टीम ने पांच युवकों को अपहरण के आरोप में गाड़ी समेत पकड़ा। युवकों ने एक सैनिक का अपहरण किया था, जिसे वे पहले ही डाबोदा गांव में गाड़ी से नीचे फेंक दिया था। बाद में युवकों को फरुखनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
फरुखनगर के गांव जोनियावास निवासी सैनिक दीपक कुमार की पोस्टिंग जम्मू कश्मीर के बनीहाल में है। वह छुट्टी पर घर आया हुआ है। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे के कुआं पूजन समारोह का आयोजन करने के लिए करीब 38 दिन की छुट्टी पर है। गत 13 नवंबर को कुआं पूजन की रस्म पूरी होने के बाद मामा की बेटी के लगन समारोह में शामिल होने के लिए गांव में ही ठहरा हुआ था। शुक्रवार सुबह एक रेहड़ी से खाने का सामान खरीद रहा था। उसी दौरान नशे में धुत गांव के ही एक लड़के ने उसकी मोटर साइकिल की चाबी निकालने का प्रयास किया तो आपस में कहा सुनी हो गई। ग्रामीणों के बीच बचाव करने पर दोनों अपने-अपने घर की ओर चले गए।
दीपक के मुताबिक, शनिवार को वह अपने मामा के घर दिल्ली के गांव खैरा जाने की तैयारी कर रहा था। सुबह करीब साढ़े दस बजे बारबर की दुकान से लौटते समय चार युवकों जबरन गाड़ी में खींच लिया। अपहरणकर्ता उसे तिरपड़ी रोड पर ले गए। रास्ते में एक नाले के पास गाड़ी रोक कर मारपीट करनी शुरू कर दी। उसके बाद वह उसे फरुखनगर के तहसील रोड पर लेकर जाने लगे वहां बैंकों के सामने पहले से ही तैनात पुलिस की पीसीआर गाड़ी को देखकर बदमाश घबरा गए। उसके बाद वापस चलकर डाबोदा मोड़ शिव मंदिर के समीप चलती गाड़ी से धक्का देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने वारदात की सूचना पुलिस को दी और पुलिस मौके पर पहुंची।
जहांगीरपुर में पकड़े गए
वीटी होते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। वीटी बाढ़सा से आने की सूचना पर बादली पुलिस की टीम भी दलबल के साथ सक्रिय हो गई। गाड़ी आने का इशारा मिलते ही अपहरणकर्ताओं की गाड़ी का पुलिस ने पीछा करना शुरू कर किया और गाड़ी सहित पांच युवकों को जहांगीरपुर बस अड्डे पर नाकाबंदी करके काबू कर लिया। बादली पुलिस के अलावा अन्य पुलिस स्टाफ ने बदमाशों को पकड़कर पूछताछ के लिए बादली पुलिस चौकी पहुंचाया। मगर वारदात की शुरुआत फरुखनगर से होने के कारण कार्रवाई के लिए फरुखनगर की टीम बादली चौकी में दलबल के साथ पहुंची। पुलिस बदमाशों को अपने साथ फरुखनगर ले गई।
अपहर्ताओं पर केस दर्ज
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि सैनिक के अपहरण की सूचना के बाद पुलिस टीम चौकन्नी हो गई थी। अपहरणकर्ताओं को उनकी गाड़ी का पीछा करके गिरफ्तार कर लिया है। सैनिक के बयान पर अपहरणकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, बादली पुलिस चौकी प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ युवकों को बादली पुलिस ने पकड़ा था, परंतु क्षेत्र के बाहर का मामला होने के कारण उन्हें फरुखनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया।