गांव बरहाणा में परिवार की एक महिला के चरित्र पर शक के चलते एक युवक ने गांव के ही व्यक्ति की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। आरोपी युवक ने पहले उसकी रेकी की और बाद में वीरवार की रात उस ताबड़तोड़ एक के बाद एक तीन गोलियां दांग दी। जिसके बाद व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। आरोपी उस समय मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने दो साल पहले भी महम के मदीना गांव में एक महिला पर गोलियां चलाई थी, जिसमें वह घायल हो गई थी, जिसका मामला महम थाने में दर्ज है।
हत्यारा पिल्लुखेड़ा में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था। इस घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने हत्या को अंजाम देने वाले युवक दशरथ के अलावा तीन अन्य लोगों पर भी मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर की है। बेरी थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने बताया कि बरहाणा गांव निवासी दशरथ ने गुरुवार की देर रात गांव के ही मंदिर के पास गांव के ही निवासी सुनील पर फायरिंग करते हुए हमला बोल दिया। फायरिंग में गोली लगते ही सुनील ने मौके पर दम तोड़ दिया। गांव बरहाणा में गोली चलने से हत्या की सूचना मिलने के बाद डीएसपी हंसराज, बेरी थाना प्रभारी कुलबीर सिंह, चौकी इंचार्ज जय भगवान मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की गई। बाद में सुनील के परिजनों से मिली सूचना के बाद उसके शव को झज्जर के नागरिक अस्पताल डैड हाऊस लाया गया जहां शुक्रवार को उसका पोस्टमार्टम करवाकर शव सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार जिस समय सुनील पर गोलियाें से वार किया गया उस समय दो-तीन अन्य व्यक्ति भी मौके पर थे।
क्या कहना है पुलिस का
बेरी थाना प्रभारी कुलबीर ने बताया कि सूचना के अनुसार दशरथ को परिवार की महिला के चरित्र पर सुनील को लेकर संदेह था। उसने करीब दो वर्ष पूर्व मदीना गांव में भी उस पर गोलियों से वार किया था। सुनील के परिजनों की शिकायत पर दशरथ व दो-तीन अन्य लोेगों पर केस कर लिया गया हैं। जल्द ही हत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा हो सकेगा।