चोरों एक और वारदात को अंजाम देते हुए वीरवार देर रात माजरा गांव के एक पूर्व सैनिक के घर को निशाना बनाया और सामन ले गए। जिस कमरे से चोरों ने चोरी की उसके साथ वाले कमरे में ही परिवार के लोग सोए भी हुए थे। बाजवूद इसके चोर अपनी कार्रवाई में सफल हुए और वहां अलमारी और ट्रंक में रखे जेवरात व 75 हजार रुपये की नकद राशि ले उड़े। चोरी हुए जेवरात मे करीब 12 तोले सोना और आधा किलो चांदी बताई जा रही है। पुलिस ने चोरों की खोज शुरू कर दी है। माजरा गांव में पूर्व सैनिक के घर चोरी की घटना की सूचना मिलते ही बेरी पुलिस मौके पर पहुंची और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने फिंगर एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया।
पुलिस के अनुसार पूर्व सैनिक राजपाल बुधवार की देर रात अपने पशुओं को संभाल कर रात करीब 11 बजे सोया था। वहीं उसका बेटा अमरजीत और उसकी मां भगवानी देवी भी अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। चोरी का पता उस समय चला जब राजपाल की पत्नी राज सुबह पांच बजे उठी और कमरे में रखे फ्रिज से दूध उठाने के लिए गई। राज ने वहां सामान को बिखरे हुए देखा तो उसके पैरों से जमीन खिसक गई। परिवार के अन्य लोगों ने भी इसे देखा और अनुमान लगाया कि चोर घर के पीछे सीढ़ी लगाकर मकान में दर्ज हुए हैं और अनुमान लगाया की चोरी की घटना रात 11 से तीन बजे के बीच हुई है। चूंकि राजपाल की मां भगवानी देवी ने भी देर रात कच्छे में घूम रहे एक युवक को छत पर घूमते देखा था। भगवानी देवी का अनुमान था कि शायद उसका पौत्र अमरजीत ही है जो चौबारे पर सो रहा था।
थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की घटना में खास बात यह रही है कि चोरी ने घटना को अंजाम देते समय ट्रंक व अलमारी का ताला नहीं तोड़ा घर में ही रखी चाभियों से खोला। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-बेरी थाना प्रभारी कुलबीर सिंह।