हरियाणा के बहादुरगढ़ के नयागांव में वीरवार की रात एक गाड़ी पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में गाड़ी में सवार युवक की मौत हो गई। इस हादसे के लिए एक कार चालक को जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस ने परिजनों के बयान पर आरोपी वैगनआर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान करीब 35 वर्षीय सुधीर के रूप में हुई है। यह गांव मांडोठी का रहने वाला था। पुलिस को दी शिकायत में सोलधा के निवासी हिमांशु का कहना है कि वीरवार की रात को वह अपनी बाइक से गांव जा रहा था। नयागांव बाईपास चौक पर उसके मामा का लड़का सुधीर मिल गया। कुछ देर बातचीत करने के बाद वे सोलधा की ओर चल दिए।
सुधीर अपनी स्विफ्ट गाड़ी में था। रात करीब पौने 11 बजे जब हम नयागांव में पहुंचे तो सामने से एक वैगनआर कार हमारी तरफ आई और सुधीर की कार से हल्की टकरा गई। उसे बचाने के चक्कर में सुधीर ने गाड़ी दूसरी तरफ मोड़ दी। इस दौरान गाड़ी अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में सुधीर को काफी चोट आई। उसे अस्पताल में ले गए।
जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर एचएल सिटी चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हिमांशु का कहना है कि यह हादसा वैगनआर चालक की वजह से हुआ है। हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।