हरियाणा के बहादुरगढ़ में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी और उनके साथी कार्यकर्ता जयकिशन की हत्या को अंजाम दिए 48 घंटे से ज्यादा का समय बीत गया है। लेकिन, दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। एफआईआर में शामिल नामजद आरोपियों में से भी किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
एसटीएफ, सीआईए-1, 2, साइबर के अलावा दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम भी मामले को सुलझाने में जुटी हैं। मंगलवार को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीम ने बहादुरगढ़ पहुंचकर नफे सिंह राठी के पुत्र जितेंद्र और भतीजे कपूर राठी से मुलाकात की।
रविवार को इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी जब आसौदा से लौट रहे थे, तब सांखोल के निकट 5 बजकर 10 मिनट पर बराही फाटक पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर नफे सिंह राठी, उनके साथी कार्यकर्ता जयकिशन की हत्या कर दी थी। हमले में भांजा संजय और गनमैन संजीत घायल हो गए थे।
वारदात के बाद सफेद रंग की गाड़ी में सवार होकर आए बदमाश फरार हो गए थे। सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को गाड़ी में सवार बदमाश भी नजर आ रहे हैं। लेकिन, गाड़ी की नंबर प्लेट फर्जी पाई गई है। वारदात में घायल हुए संजीत और संजय की हालत में सुधार हो रहा है।
बदमाशों को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की चर्चा
नफे सिंह राठी हत्याकांड में कॉन्ट्रैक्ट किलिंग की चर्चाएं जोरों पर हैं। यहां तक कि विदेश में बैठे गैंगस्टर और जेलों में बंद बदमाशों का कनेक्शन भी हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। कुछ बदमाशों को पुलिस प्रोक्डशन वारंट पर लाने की चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। इस मामले में एसआईटी का भी गठन हो सकता है।
कई टीमों ने बहादुरगढ़ पहुंचकर शुरू की जांच
मंगलवार को फॉरेंसिक व बैलेस्टिक एक्सपर्ट की टीम भी लाइनपार थाने पहुंची। यहां उन्होंने इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गाड़ी की बारीकी से जांच की। बैलेस्टिक टीम के एक्सपर्ट ने गाड़ी पर लगे गोलियों के निशान चेक किए। टीम की रिपोर्ट के बाद यह पता चल सकेगा कि किस तरह के हथियारों का वारदात में इस्तेमाल किया गया है।
उधर, हरियाणा सरकार इस केस की जांच सीबीआई से कराने की बात कह चुकी है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी इसकी पुष्टि की थी। केस सीबीआई के हैंडओवर कब होगा? यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। बहरहाल, सीबीआई हरकत में जरूर है। वहीं दिल्ली स्पेशल सेल भी इस केस को लेकर सक्रिय है। मंगलवार की दोपहर को स्पेशल सेल दिल्ली की एक टीम यहां बहादुरगढ़ में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी के घर पर पहुंची। यहां उन्होंने राठी के परिजनों से बातचीत करते हुए जानकारियां जुटाई।
दो डीएसपी की अगुवाई में जुटी हैं पांच टीमें
मामले को सुलझाने के लिए दो डीएसपी धर्मवीर सिंह व अखिल कुमार की अगुवाई में सीआईए, एसटीएफ व थानों की पांच टीमें लगातार इस केस में भागदौड़ कर रही हैं। एफआईआर में तीन नाम और जुड़ने के साथ ही इस केस में अब कुल 15 आरोपी हो गए हैं, जिनमें पांच अज्ञात हमलावर भी शामिल हैं। जबकि नामजद आरोपियों पर साजिश का शक है। ताबड़तोड़ दबिश चल रही हैं।
सोनीपत, दिल्ली व यूपी पुलिस के साथ मिल बढ़ाई जा रही है जांच
मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने अपने हर सोर्स एक्टिव कर दिए हैं। न केवल झज्जर बल्कि सोनीपत, दिल्ली तथा यूपी पुलिस के साथ भी तालमेल बनाकर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। कुछ लोगों को राउंडअप कर पूछताछ किए जाने की भी चर्चा है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल किसी भी आरोपी को गिरफ्तार करने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।