हरियाणा के झज्जर के गांव धारौली में मकान में आग लगने से एक युवती की मौत व उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से झुलस गई। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई और सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया। वहीं घायल महिला को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
जानकारी अनुसार मृतक युवती की पहचान 23 वर्षीय हिमांशु उर्फ निधि पुत्री अजीत सिंह के रूप में की गई है। रविवार की रात को अचानक घर में आग लग गई। युवती निधि आग में जिंदा जल गई। निधि बड़ी बहन कोमल घायल है। निधि अविवाहित थी और एमएससी की पढ़ाई पूरी कर चुकी थी। निधि की मां की करीब 20 साल पहले मौत हो चुकी है और पिता कई सालों से लापता है। निधि की बहन कोमल की शादी हो चुकी है, लेकिन परिवार में कोई नहीं होने के कारण वह अपने बेटे के साथ अधिकतर समय धारौली गांव में निधि के साथ रहती थी।
कोमल ने अपने बेटे को तो आग की चपेट में आने से तो बचा लिया, लेकिन अपनी बहन निधि को नहीं बचा पाई। साल्हावास थाने के एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि रविवार की रात को सूचना मिली थी कि धारौली गांव के एक मकान में आग लगी है जिस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देखा एक युवती जली अवस्था में है, जिसकी मौत हो चुकी है जबकि उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल है। उसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने इस मामले में फिलहाल मृतका के चचेरे भाई पूर्ण के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए मृतका के शव का झज्जर के नागरिक अस्पताल में बोर्ड के माध्यम से पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों के हवाले किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि घर पर आग की वजह शॉर्ट सर्किट है या कोई और कारण है।