झज्जर में बेरी-छूछकवास मार्ग पर सोमवार को बाइक पर जा रहे पिता पुत्र को सामने से तेज गति से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी। जिससे एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका पिता घायल हो गया। उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद शव को सामान्य अस्पताल में भिजवाया। जहां से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
आरोपी की गिरफ्तारी के पुलिस प्रयास कर रही
मृतक की पहचान प्रदीप पुत्र राजबीर निवासी गांव खेड़ी खुम्मार के रूप में हुई है। प्रदीप अपने पिता राजबीर के साथ बाइक पर सवार होकर छूछकवास के पास से अपने गांव के लिए निकला था। जब वह गांव जहाजगढ़ के पास बराणी मोड़ पर पहुंचा तो सामने से तेज गति से आई एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसके बाद राहगीरों की मदद से दोनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके पिता राजबीर की हालत ठीक बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पिता राजबीर की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के पुलिस प्रयास कर रही है।
जांच अधिकारी के अनुसार
मृतक के पिता राजबीर के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है। झज्जर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी की तलाश की जा रही रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--- अजीत सिंह, चौकी प्रभारी, छूछकवास।