हरियाणा के बहादुरगढ़ के गांव छारा के पास गुजरात के सलाया से मथुरा तक जाने वाली पाइपलाइन से तेल चोरी के प्रयास में करीब दो साल पहले लगाई गई दो वाल्व मिली हैं। बुधवार को सलाया मथुरा पाइपलाइन के रेवाड़ी-पानीपत सेक्शन के लिए बनी जांच टीम के निरीक्षण के दौरान ये वाल्व मिली है। मशीनों की ओर से की गई जांच में जब गांव छारा के पास दो वाल्व लगी होने की जानकारी मिली तो पुलिस की मौजूदगी में उनकी खाेदाई की गई।
इंडियन ऑयल कार्पोरेशन की टीम ने खोदाई के दौरान गोलाकार गड्ढ़े में रेत की बोरियां मिली और उसके नीचे दो इंच डाया की दो वाल्व पाइप लाइन में लगी हुई मिली। इंडियन ऑयल कार्पोरेशन के उपमहाप्रबंधक संजय सिंह ने पुलिस को बताया कि पाइपलाइन में अत्यधिक ज्वलनशील कच्चे तेल का बहाव बहुत तीव्र गति से होता है।
अनधिकृत क्लैंप व वाल्व तंत्र को लगाकर तेल चोरी और पाइपलाइन के साथ छेड़छाड़ का कार्य न केवल मूल्यवान राष्ट्र संसाधन की हानि है बल्कि अत्यधिक ज्वलनशील कच्चे तेल वाली पाइपलाइन के साथ इस तरह की अनुचित छेड़छाड़ से विस्फोट होने का खतरा है। इसके परिणाम स्वरुप मानव जीवन को खतरा हो सकता है।
इसके अलावा यह सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाता है। इस बात को जानते हुए कुछ चोरों द्वारा लापरवाही पूर्वक तेल चोरी करने के लिए प्रयास किया गया है। पाइपलाइन में काफी उच्च दबाव से अत्यधिक ज्वलनशील कच्चे तेल का रिसाव हो सकता था।
इससे आग लगने की स्थिति, पर्यावरण एवं जानमाल को भारी नुकसान हो सकता था। साथ ही इस स्थिति के कारण पाइपलाइन में तेल आपूर्ति नहीं होने के कारण पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति बंद हो सकती थी। ऐसे में आसौदा थाना पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।