अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़
रोहतक-दिल्ली रेल मार्ग पर बराही फाटक के नजदीक ट्रेन की चपेट में आने से एक छात्र की मौत हो गई। छात्र द्वारा सुसाइड करने की आशंका जताई जा रही है। उसकी जेब से एक नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के हवाले कर दिया। मामले में हादसे में मौत के तहत कार्यवाही की गई है।
मृतक की पहचान दुल्हेड़ा निवासी 17 वर्षीय रोहित के तौर पर हुई है। दसवीं कक्षा का यह छात्र बृहस्पतिवार को बिन बताए घर से कहीं चला गया था, मगर वापस नहीं लौटा।
जानकारी अनुसार परिजनों ने उनसे फोन पर बात भी की थी। मगर रोहित ने अगले दिन आने की बात कहकर फोन काट दिया था। परिजन उसे तलाश कर रहे थे और इधर बहादुरगढ़ में बराही फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला। सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। उसकी जेब में मिले सुसाइड नोट के आधार पर उसकी पहचान संभव हो पाई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। शनिवार की सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस इस मामले को आत्महत्या मान कर चल रही है। मगर असल पुष्टि तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। जांच अधिकारी मंजीत कुमार ने कहा कि सुसाइड नोट में छात्र ने अपनी मर्जी से जीवन लीला समाप्त करने की बात कही है। किसी पर कोई आरोप नहीं है। इसके अलावा उसकी जेब से 24 अगस्त को जाने और 25 अगस्त को वापसी की टिकट मिली हैं। उन्हाेंने बताया कि फिलहाल परिजनों के बयान पर 174 के तहत कार्यवाही की गई है। शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। आगे की कार्यवाही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। मृतक अपने मां-बाप की इकलौती संतान थी।