अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
बादली-बहादुरगढ़ मार्ग पर बाइक सवार तीन युवकाें ने रास्ता पूछने के बहाने एक युवक को रुकवाया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद युवक बंदूक के बल पर उक्त व्यक्ति से पर्स व बाइक छीनकर भाग गए। व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव बहुझोलरी का निवासी विनोद बादली में बुपनिया रोड स्थित एक ईंट भट्ठे में बतौर ट्रैक्टर चालक कार्य करता है। गत 24 अगस्त की रात को वह प्लांट में ट्रैक्टर खड़ा करके बाढ़सा के लिए रवाना हुआ। रात 11 बजे जब वह बाईपास के नजदीक बहादुरगढ़ रोड पर पहुंचा तो पीछे से आ रही एक बाइक उसके बराबर में आई। बाइक पर तीन युवक सवार थे। चलती बाइक पर उन्हाेंने बहादुरगढ़ का रास्ता पूछा तो विनोद ने बाइक धीमी कर ली। इसके बाद उक्त युवकाें ने उसकी बाइक के आगे अपनी बाइक अड़ा दी। इसलिए विनोद को अपनी बाइक रोकनी पड़ी। तीनों युवक बाइक से उतरे और उसे पकड़ लिया। युवकों ने उसकी जेब में पर्स व रुपये निकाल लिए। इसके बाद वे उसकी बाइक छीनने की क ोशिश करने लगे। विरोध किया तो एक युवक ने पिस्तौल निकाल ली।
गन प्वाइंट पर उसके साथ मारपीट की गई और वे बाइक लेकर भाग गए। इसके बाद वह प्लांट पर चला गया। शुक्रवार की शाम तक वह अपनी बाइक तलाश करता रहा। इसके बाद उसने सदर थाने में तीन युवकों के खिलाफ शिकायत दे दी। विनोद का कहना है कि वह सामने आने पर तीनों युवकों को पहचान सकता है। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से छीना झपटी की कई वारदातें हो चुकी हैं। मगर पुलिस उक्त वारदातें सुलझा नहीं पा रही। खास बात ये कि डेरा प्रकरण के चलते पिछले कुछ दिनों से इलाके में सुरक्षा बढ़ाई जा चुकी है, इसके बावजूद भी युवक छीना झपटी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश जारी
उधर, सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने कहा कि व्यक्ति की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। युवकों की तलाश जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर वारदात सुलझा ली जाएगी।
- बादली-बहादुरगढ़ मार्ग पर बाइक सवार तीन युवकों ने दिया वारदात को अंजाम