रेलवे रोड पर भिड़े दो मजदूर, एक जख्मी
बहादुरगढ़। रेलवे रोड पर काम के लिए दो मजदूर आपस में भिड़ गए। दोनों में मारपीट हो गई, एक को ज्यादा चोट आई है। जख्मी मजदूर ने दूसरे पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, गत रेलवे रोड पर ड्रेन की पुलिया पर हर सुबह मजदूरों की भीड़ लगती है। अपने काम कराने के लिए लोग यहीं से मजदूर पकड़ते हैं। वीरवार की सुबह भी काफी मजदूर यहां खड़े थे। जब एक व्यक्ति यहां आया तो काम के लिए कई मजदूर टूट पड़े। धक्का-मुक्की हुई तो दो मजदूर आपस में भिड़ गए। मारपीट हुई तो लोगों ने बीच बचाव करा दिया। इस झगड़े में एक मजदूर को चोट आई। अब उसने सिटी थाने में दूसरे मजदूर के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत में मनोज ने कहा है कि भीड़ में उसका हाथ दूसरे मजदूर मनोज से लग गया। बस इसी बात पर वह तैश में आ गया। बोला कि तू हमेशा मेरे काम के बीच में आता है, आज तुझे मजा चखाता हूं। इतना कहने के बाद मारपीट शुरू कर दी। जान से मारने की धमकी भी दी, पुलिस उसे गिरफ्तार करे। उधर, सिटी पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।