आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए एसपी से मिले ग्रामीण
झज्जर। रईया गांव में एक नवंबर को हुई विवाहिता की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित के परिजन और गिरावड़ गांव के ग्रामीण एसपी पंकज नैन से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मृतका के पति के अलावा किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। मृतका के पिता ने उसकी ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया था।
गौरतलब है कि एक नवंबर को गिरावड़ गांव निवासी श्रीओम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि उसने बेटी रेखा की शादी आठ माह पहले रईया गांव निवासी देवेंद्र पुत्र राम बाबू के साथ की थी। शादी के बाद से ही उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे परेशान करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने दहेज के लिए रेखा को मार दिया है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया था। श्रीओम ने बताया कि उनके पास फोन आया था कि रेखा ने फांसी लगा ली है और उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने मृतका के पति देवेंद्र, सास चंपा, जेठानी नीना, जेठ सोनू व देवर राहुल के खिलाफ मामला दर्ज किया था। लेकिन इस मामले पांच आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने एसपी से सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।