वकील के फर्जी हस्ताक्षर कर फर्जी नोटिस भिजवाया, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
अधिवक्ता के फर्जी हस्ताक्षर कर किसी पार्टी को फर्जी नोटिस भेजने पर शहर पुलिस ने एक चिकित्सा शिक्षण संस्थान के संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में एडवोकेट संजीव कुमार तक्षक ने बताया कि वे चरखी दादरी अदालत में वकील है। उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया कि एक शिक्षण संस्थान के संचालक ने उसके फर्जी हस्ताक्षर कर एक नोटिस किसी पार्टी (महिला) को भेज दिया। संचालक उक्त महिला से नोटिस भेजकर बाउंस चेक के पैसे वसूलना चाहता था। ये नोटिस वकील की फीस से बचने व अपने स्तर पर उक्त महिला से बाउंस चेक के पैसे की उगाही करने पर भेजा गया था। उक्त संचालक की ओर से यह नोटिस 17 फरवरी को भेजा गया था। महिला के पास नोटिस पहुंचने पर उसके परिजन किसी अन्य वकील के साथ एडवोकेट संजीव तक्षक के पास पहुंचे क्योंकि उस नोटिस पर उक्त संस्थान संचालक ने एडवोकेट संजीव तक्षक के फर्जी हस्ताक्षर किए हुए थे तथा नोटिस फर्जी तरीके से तैयार क र रखा था।
जिला पुलिस प्रवक्ता सुरेंद्र दांगी ने बताया कि संजीव कुमार तक्षक की शिकायत पर शहर पुलिस ने आरोपी शिक्षण संस्थान संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी, षडयंत्र रचने, फर्जी हस्ताक्षर कर फर्जी दस्तावेज करने संबंधी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।