अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
अपनी मांगों के लिए जिला मुख्यालय झज्जर स्थित लघु सचिवालय में प्रदर्शन करने जा रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को महिला पुलिस पर लाठियां भांजने का आरोप लगा रोष व्यक्त किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने महिला एवं बाल कल्याण मंत्री कविता जैन का पुतला फूंका। जिले भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भी अपना धरना जारी रखा।
कुछ घंटे धरना देने के बाद मंत्री कविता जैन के पुतले को लेकर नारेबाजी करती हुई महिलाएं लघु सचिवालय की ओर बढ़ने लगी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। मगर कुछ महिलाएं इधर-उधर से लघु सचिवालय के लिए निकलने लगीं तो महिला पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि वे शंातिपूर्वक जा रही थी कि महिला पुलिस ने चार कार्यकर्ताओं को डंडे मारे।
आंगनबाड़ी वर्कर्स यूनियन की राज्य प्रधान छोटा गहलावत ने कहा कि सरकार उनके साथ नाइंसाफी कर रही है। न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही सीएम ने मुलाकात करेंगी और उन्होंने मांगें जल्द नहीं मानी तो आंदोलन तेज कर देंगी।
गहलावत ने कहा कि खरबों रुपये के घोटाले करने वालों के खिलाफ तो सरकार कुछ करती नहीं, आंगनबाड़ियों में कड़ी मेहनत करने वाली महिलाओं का शोषण किया जा रहा है। इसलिए मांगें पूरी न होने तक उनका धरना इसी तरह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार हमारी मांगे नहीं मानेगी और न्यूनतम वेतन लागू नहीं करेगी तो हम खास कमेटी गठित करेंगे। इस कमेटी के आह्वान पर भाजपा सरकार के 47 विधायकों के बराबर 47 आंगनबाड़ी वर्कर्स पंचकूला में मुंडन करा लेंगी।