अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
शहर में झज्जर रोड पर कुंदन कोठी के सामने स्थित एक खेल के सामान की दुकान में चोरी हो गई। चोर छत के रास्ते दुकान में चढ़े और एलईडी, म्यूजिक सिस्टम व स्पोर्ट्स वियर समेत खेल का काफी सामान चोरी कर ले गए। सिटी थाने से महज 200 मीटर दूरी पर हुई इस चोरी की घटना से दुकानदारों में रोष है। दुकानदारों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उधर, पुलिस ने दुकान मालिक की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बादली रोड स्थित बसंत विहार के निवासी बिरेंद्र की झज्जर रोड पर कुंदन कोठी के सामने देव स्पोर्ट्स नाम से दुकान है। वीरवार की रात चोर साथ लगते खाली प्लॉट से दुकान की छत पर पहुंच गए और शीशा काटकर अंदर घुसकर सामान चोरी कर ले गए। सुबह मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पीड़ित ने बताया कि चोर एलईडी, म्यूजिक सिस्टम, कई ट्रैक सूट व अन्य सामान चोरी करके ले गए हैं। वह वीरवार को ही नया माल लाया था। चोरों ने पुराने माल को हाथ नहीं लगाया, सिर्फ नया माल ही चोरी किया है। उसे शक है कि किसी आसपास के जानकार व्यक्ति ने ही वारदात को अंजाम दिया है। रात के समय सीसीटीवी बंद थे। पीड़ित के अनुसार उसे करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
दुकानदारों में रोष
चोरी की इस घटना से आसपास के दुकानदारों ने रोष जताया है। दुकानदार सचिन, सागर आदि ने कहा कि सिटी थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर दुकान में चोरी होना रात्रि गश्त पर भी सवाल उठाता है। इससे पहले भी थाने के पास की दुकानों में चोरी हो चुकी है। जब पुलिस की नाक के नीचे ही चोरियां हो रही है तो शहर का क्या हाल होगा?
अधिकारी बोले
सिटी थाना पुलिस प्रभारी ललित कुमार ने कहा कि दुकानदार की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जाएगी। दुकानदार ने जो बयान दिया है, उससे लगता है कि शायद चोरी किसी जानकार ने की है। जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।