अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। जिले से एक युवती, दो महिलाएं और दो बच्चियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं हैं। परिजनों ने उनको हर संभावित जगह तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और इस संबंध में लिखित शिकायत सौंपी। सिटी थाना, सदर थाना और बाढड़ा थाने में उनकी गुमशुदगी के पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक महिला के पति ने तो घर से कपड़े और गहने ले जाने का जिक्र भी पुलिस को सौंपी शिकायत में किया है। पुलिस लापता महिलाओं का पता लगाने में जुटी हुई है लेकिन वीरवार शाम तक कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया था।
केस-एक : शहर निवासी 23 वर्षीय युवती हुई घर से लापता
शहर की एक कालोनी निवासी युवती घर से लापता हो गई। पुलिस को दी शिकायत में उसके पिता ने बताया कि उसकी 23 वर्षीय बेटी 22 जनवरी की रात घर से बिना बताए घर से चली गई। वह बीए पास है। परिजनों ने हर जगह उसको तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। सिटी थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केस-दो: नकदी, कपड़े व मोबाइल लेकर महिला घर से हुई गायब
गुमशुदगी का दूसरा मामला सदर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। महिला के पति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी 23 जनवरी की रात करीब एक बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। वह अपने साथ मोबाइल, कपड़े व कुछ जेवरात भी ले गई। परिजनों ने सभी रिश्तेदारियों में पता कर लिया लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। थाना प्रभारी जगराम ने बताया कि पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केस-तीन: दो बच्चियों सहित घर से निकली महिला का नहीं लगा सुराग
गुमशुदगी का तीसरा मामला बाढड़ा थाना क्षेत्र का है। महिला के पति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी 12 व 14 वर्षीय बेटी के साथ बाढड़ा आई थी लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटी। वह उन्हें बाढड़ा छोड़कर भैंस लेने एक गांव में चला गया था। महिला के पति ने बताया कि उसने हर जगह पत्नी और बेटियों की तलाश कर ली लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। बाढड़ा थाने में इस संबंध में गुमशुदगी का केस दर्ज किया गया है।