सीआईए झज्जर की टीम ने लूट की वारदात को अंजाम देने से पूर्व ही दो इनामी मोस्टवांटेड बदमाशों को अवैध हथियारों और लूटी गई गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया है। एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने बताया कि इंस्पेक्टर ललित कुमार के नेतृत्व में गठित सीआईए झज्जर टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर दो अति वांछित बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा है। सीआईए झज्जर की टीम सांपला रोड पुल के पास गश्त पर थी। तभी गुप्त सूचना मिली कि दो युवक सांपला रोड पर गांव जौंधी रामपुरा बस अड्डे के पास कार लिए हुए हैं, जिनके पास हथियार भी हैं और गाड़ियों को लूटने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम सरकारी गाड़ी की बत्ती उतारकर बस अड्डा गांव जौंधी पहुंची तो गांव की तरफ से एक गाड़ी आई और उनकी गाड़ी के आगे अड़ा दी। गाड़ी से दो युवक हथियार लिए हुए सरकारी गाड़ी की तरफ आए। एक ने सरकारी गाड़ी के चालक सिपाही कृष्ण कुमार पर पिस्तौल तान दी, जिस पर टीम ने दोनों युवकों को काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम ललित निवासी गांव समचाना और नवीन उर्फ डॉक्टर निवासी गांव जसिया जिला रोहतक बताए। मौके पर तलाशी लेने पर तीन देसी पिस्तौल और 13 कारतूस सहित एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी बरामद की गई। पकड़े गए दोनो आरोपियों के खिलाफ थाना झज्जर में मामला दर्ज किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने घोषित कर रखा था 40 हजार का ईनाम
पकड़े गए दोनों आरोपियों ने हत्या, कातिलाना हमले और गाड़ियों की लूटपाट आदि के करीब 16 मामलों का खुलासा किया है। मोस्टवांटेड ललित के खिलाफ 16 और दूसरे आरोपी नवीन के खिलाफ के खिलाफ करीब 10 आपराधिक मामले दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। ललित के खिलाफ दिल्ली के थानों में कातिलाना हमले के तीन और द्वारका दिल्ली के इलाके से गाड़ियों की लूट के दो मामले दर्ज हैं, जिस पर दिल्ली पुलिस द्वारा उपरोक्त अतिवांछित आरोपी को पकड़ने के लिए 40 हजार का इनाम घोषित कर रखा है। मोस्टवांटेड ललित ने अपने साथियों के साथ मिलकर बहादुरगढ़ के एचएसआईआईडीसी क्षेत्र से हथियारों के बल पर दो व्यक्तियों से गाड़ी को अप्रैल 2016 में छीना था, जोकि आरोपियों के कब्जे से बरामद कर ली है।
रोहतक के दो और सोनीपत के एक व्यक्ति की कर चुके हत्या
वहीं उपरोक्त आरोपियों ने नवंबर 2015 में गांव सोहटी जिला सोनीपत निवासी एक व्यक्ति की हत्या की थी। जिला सोनीपत में ही गोहाना के सेक्टर-7 के क्षेत्र से रोहतक रोड से हथियारों के बल पर आरोपियों ने एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी छीनी थी। वहीं जयपुर में नवंबर 2015 में जवाहर नगर क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर पर कातिलाना हमला किया था। गुरुग्राम के पालम विहार इलाके से हथियारों के बल पर 2015 में अलग-अलग गाड़ियों को लूटने की दो वारदात को अंजाम दिया गया था। वहीं रोहतक जिले में भी उपरोक्त आरोपियों ने कई वारदातों को अंजाम दिया था। इनमें रोहतक के गांव बलियाणा निवासी संजय की 2015 में हत्या की वारदात को अंजाम दिया था, जो गांव के सरपंच राजेश के कहने पर 17 लाख रुपये में सौदा करके संजय की हत्या की गई थी। इसमें से तीन लाख रुपये आरोपियों द्वारा वसूल लिए गए थे। वहीं जिला रोहतक के सांपला की मंडी में एक मिठाई की दुकान के मालिक से 20 लाख रुपये की चौथ मांगने और न देने पर उस पर कातिलाना हमला आरोपियों द्वारा किया गया था। सांपला के ही निवासी अजय की फरवरी 2016 में गोली मारकर हत्या को अंजाम दिया गया था।
नवीन पर रोहतक के कई थानों में मामले दर्ज
पकड़े गया दूसरा आरोपी नवीन उर्फ डॉक्टर भी इन वारदातों में ललित और अन्य के साथ शामिल रहा था। पकड़े गए आरोपी नवीन के खिलाफ इसके अलावा जिला रोहतक के अलग-अलग थानों में दुष्कर्म, छीना-झपटी और कातिलाना हमला करने के अन्य मामले भी दर्ज हैं। पकड़े गए दोनों आरोपियों को अदालत झज्जर में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। दोनों अति वांछित आरोपियों को पकड़ने पर एसपी जशनदीप सिंह रंधावा द्वारा सीआईए झज्जर की टीम को बधाई भी दी है।