बहादुरगढ़। एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 में स्थित एक जूता फैक्टरी में मंगलवार की रात आग लग गई। फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां रातभर आग बुझाने में लगी रहीं। बुधवार की सुबह 11 बजे आग पर काबू पाया गया। वहीं शाम पांच बजे तक भी कुछ हिस्से में हल्की आग सुलग रही थी। इस घटना से काफी कच्चा व तैयार माल जलकर राख हो गया। मशीनें और इमारत भी क्षतिग्रस्त हो गई। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
रोहिणी सेक्टर-7 (दिल्ली) के निवासी शैलेश पोद्दार की सेक्टर-17 में जूता फैक्टरी है। प्लॉट नंबर-268 में बांके बिहारी कोट फैब नाम से चल रही इस फैक्टरी में मंगलवार की रात करीब सवा एक बजे आग लग गई। जिस वक्त आग लगी उस दौरान फैक्टरी का गार्ड सोया हुआ था। नीचे शीशा चटक कर गिरा तो उसकी आंख खुली। फिर उसने मालिक और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंचती आग पूरी तरह से फैल चुकी थी। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग बुझानी शुरू की लेकिन आग बुझाने के बहादुरगढ़ की पांच गाड़ियां कम पड़ गईं। इसके बाद झज्जर और रोहतक से एक-एक गाड़ी और बुलाई गई। फायर ब्रिगेड कर्मी रातभर आग बुझाने में लगे रहे।
कच्चा और तैयार माल जला
आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। रात के समय फैक्टरी में काम नहीं चल रहा था। यदि फैक्टरी का गार्ड जाग रहा होता और समय पर फायर ब्रिगेड पहुंचती तो शायद आग पर काबू पाया जा सकता। इस घटना से फैक्टरी में रखा सारा कच्चा व तैयार माल जलकर राख हो गया। सभी मशीनें जल गई और फैक्टरी का दो मंजिला भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया। फैक्टरी मालिक शैलेश के अनुसार इस घटना से उसे 25 से 30 करोड़ का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थी। जरूरत पड़ने पर रोहतक व झज्जर से भी गाड़ियां बुलाई गई। नुकसान कितना हुआ है, ये पता लगाने के लिए सर्वे किया जाएगा।
टीआर पालीवाल, फायर ऑफिसर, बहादुरगढ़।