अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़
जिला उपायुक्त सोनल गोयल ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी के साथ सटे बहादुरगढ़ व बादली उपमंडल सीमा पर लगे नाकों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों को भी सुरक्षा व्यवस्था में सहभागी बनते हुए कानून की पालना बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने एसडीएम बहादुरगढ़/बादली जगनिवास सहित क्षेत्र में उपस्थित ड्यूटी मजिस्ट्रेट से भी पूरी व्यवस्था के मद्देनजर बातचीत करते हुए 28 अगस्त तक ड्यूटी ज्यों की त्यों बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नाकों का निरीक्षण करते हुए कहा कि डेरा प्रमुख को रोहतक की सुनारिया जेल में रखा गया है। ऐसे में झज्जर जिले में पूर्णतया सतर्कता बरती जा रही है।
उन्होंने पंचकूला व सिरसा में हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए नाकों पर तैनात पुलिस कर्मियों व ड्यूटी मजिस्ट्रेट को पूरी गंभीरता बरतते हुए को ड्यूटी का निर्वहन करने के आदेश दिए। उन्होंने आमजन से भी सौहार्दपूर्ण माहौल कायम रखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की।
एसडीएम बहादुरगढ़ जगनिवास ने उपायुक्त गोयल को उपमंडल स्तर पर की गई सुरक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपमंडल बहादुरगढ़ में दिल्ली से प्रवेश करते ही टिकरी बार्डर के साथ तथा बादली उपमंडल में ढांसा बार्डर के साथ, गुरुग्राम मार्ग पर एम्स टू के समीप, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन सहित राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर स्थित रोहद टोल प्लाजा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और नाके लगाकर हर वाहन पर प्रशासन की पारखी नजर है। इन नाकों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त हैं और पुलिसकर्मी इन नाकों से होकर गुजरने वाले वाहनों की पूरी निगरानी कर रही है। इस मौके पर सीटीएम विजय सिंह, डीएसपी भगतराम, बीडीपीओ रामफल सिंह व परमेंद्र कुमार, तहसीलदार बादली कंवल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
- उपायुक्त सोनल गोयल ने दिल्ली सीमा से हरियाणा में प्रवेश करने वाली सड़कों पर पुलिस नाकों का किया निरीक्षण