अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
तीस हजारी कोर्ट दिल्ली में नौकरी दिलाने के झांसा देकर झज्जर के शातिर युवक द्वारा बहादुरगढ़ निवासी युवक के आठ लाख रुपये ठगने का मामला प्रकाश में आया है। अब पीड़ित न्याय के लिए थाने और सीएम विंडो के चक्कर काट रहा है। पीड़ित की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मूलत: गांव डाबोदा का निवासी नवीन कुमार फिलहाल परिवार सहित बहादुरगढ़ की आदर्श कॉलोनी में रहता है। नौकरी की तलाश कर रहे नवीन ने कुछ महीने पहले तीस हजारी कोर्ट दिल्ली के चपरासी पद के लिए परीक्षा दी थी। परीक्षा पास कराने एवं नौकरी दिलाने के नाम पर उसके परिचित झज्जर निवासी संजय ने उससे आठ लाख रुपये लिए थे। आरोप लगाया कि संजय ने रुपये तो ले लिए, लेकिन उसकी नौकरी नहीं लगी।
11 जून 2017 को परीक्षा का रिजल्ट आया, रिजल्ट में वह फेल मिला। इस बारे में जब संजय से बात की गई तो बोला कि ऐसा नहीं हो सकता। वह ऊपर बात करेगा। फिर उसका कोई जवाब नहीं आया तो उससे पैसे वापस मांगे गए। फिर वह टरकाने लगा।
भरोसे दिलाने के लिए दिया चेक
पीड़ित ने बताया कि बार-बार पैसे की मांग करने के बाद संजय ने उसे अपनी कंपनी का चेक दिया और कहा कि वह फिलहाल विश्वास के तौर पर चेक को रख ले। इसे दिसंबर से पहले बैंक में मत लगाना, इतने वह जुगाड़ करके रुपये वापस दे देगा। दिसंबर मेें उसके पास फोन किया गया तो उसका मोबाइल बंद था। झज्जर स्थित उसके निवास पर गए तो वह वहां से फरार हो चुका था। कई दिन तक प्रयास करने के बाद एक दिन उसका फोन मिला तो उसने कहा कि वह रुपये दे देगा। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया। नवीन के मुताबिक, संजय ने केवल उसे ही नहीं अन्य कई युवकों के साथ भी ठगी की है।
सीएम विंडो पर शिकायत दी तो पुलिस ने केस दर्ज किया
नवीन के मुताबिक उसने सिटी थाने में शिकायत दी थी, मगर किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद उसने सीएम विंडो में शिकायत दी। अब सीएम विंडो से शिकायत थाने में गई है। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। नवीन का कहना है कि उसने चार जगहों से ब्याज पर पैसे लेकर संजय को दिए थे। अब जिनसे रुपये लिए थे वे बार-बार पैसे मांग रहे हैं। वह तनाव में है।
अधिकारी बोले
उधर, सिटी थाना प्रभारी ललित कुमार ने कहा कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी व्यक्ति के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जाएगी। उसके मोबाइल नंबरों को भी ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग भी इस तरह के शातिर लोगों के झांसे में न आएं।