अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
रोहतक-दिल्ली रोड स्थित सदर थाने से सटे एक ज्वेलरी शोरूम में वीरवार की रात चोर लाखों रुपये के आभूषण और जेवर चोरी कर ले गया। वारदात को शोरूम की छत का जाल और पिछला गेट तोड़कर अंजाम दिया गया है। इस वारदात पर आभूषण विक्रेताओं व आसपास के दुकानदारों ने रोष जताया है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, पुलिस ने शोरूम संचालक की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धर्मपुरा निवासी लक्ष्य जैन की रोहतक-दिल्ली रोड पर सदर थाने के साथ एचसी ज्वेलर्स नाम से आभूषणों का शोरूम है। बीती शाम छह बजे वह शोरूम बंद करके चला गया था। इसी रात एक चोर शोरूम का पिछला दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गया और कैश सहित लाखों के आभूषण चोरी कर ले गया। शुक्रवार सुबह शोरूम खोला तो वारदात का पता चला। लक्ष्य के मुताबिक वह सुबह करीब 10 बजे अपने एक कारिंदे के साथ आया था। उक्त कारिंदे ने लॉक खोला और वह बाहर किसी परिचित से बात कर रहा था। तभी उक्त कारिंदा अंदर से हक्का-बक्का आया। उसने अंदर देखने के लिए कहा। जब वह अंदर गया तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। पिछला गेट और ऊपर का जाल खुला हुआ था। डिस्पले के लिए रखे तमाम आभूषण गायब थे। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी
सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, सीआईए इंचार्ज सतीश कुमार सहित कई पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। रात सवा एक बजे अंदर घुसे चोर ने करीब ढाई घंटे तक वारदात को अंजाम दिया। कैश को अलग थैले में और ज्वेलरी, सिक्कों व अन्य सामान को अलग-अलग बैगों में डालकर ले गया। सीसीटीवी में दुकान के भीतर तो केवल एक ही चोर नजर आ रहा है। हो सकता है बाहर उसका कोई साथी खड़ा हो।
बच गया सेफ बॉक्स
पीड़ित के अनुसार रिपेयरिंग के लिए सोने की दो चेन, एक लाख रुपये कैश, एक एलईडी, डिस्पले में रखे चांदी के सिक्के, आभूषण, बर्तन और रिपेयरिंग के लिए आए अन्य जेवर चोरी मिले है। चोर ने अंदर एक अन्य कमरे का भी ताला तोड़कर सेफ बॉक्स से माल निकालने की कोशिश की, मगर सेफ बॉक्स नहीं खुला। सेफ बाक्स में 50 से 60 लाख का माल था। संचालक के मुताबिक, उन्हें करीब सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
ऐसे घुसा चोर
दरअसल, इस दुकान के साइड में प्याऊ है। प्याऊ की छत का जीना (सीढिय़ां) खुला रहता है। इस रास्ते से चोर छत पर चढ़ा। इसके बाद ज्वेलरी शॉप की छत में लगे जाल का लॉक तोड़कर नीचे उतर गया। फिर एक अन्य दरवाजे का ऊपरी हिस्सा काटकर ताला तोड़ा और दुकान में घुस गया। उक्त चोर ने कुछ कैमरों की तार भी काटी है।
स्वर्णकारों में रोष
चोरी की इस घटना पर आभूषण विक्रेताओं में रोष है। संचालक लक्ष्य ने कहा कि उनका शोरूम हाईवे पर है। थाने साथ लगता है तो कभी सुरक्षा गार्ड की कमी महसूस नहीं हुई। ज्वेलरी एसोसिएशन बहादुरगढ़ के प्रधान समेत कई पदाधिकारी मौके पर मौजूद थे। इन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
सदर थाने के पास तीसरी वारदात
पिछले कुछ दिनों में क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक दुकानों में चोरी हो चुकी है। चोरों का हौसला इस कद्र बुलंद है कि वे पुलिस की नाक के नीचे वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बुधवार की रात जहां सिटी थाने से कुछ ही दूरी पर पटवार खाने में चोरी हुई थी। अब वीरवार की रात सदर थाने के साथ सटी ज्वेलरी शोरूम में चोरी हो गई। सदर थाने के पास महीने में तीसरी वारदात हुई है। उधर, पुलिस की मानें तो सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त है। लोग अपनी दुकानों के बाहर भी गार्डों की व्यवस्था करें। जिस स्थान से चोर अंदर घुसा है, वह बेहद कमजोर कड़ी है।
जल्द सुलझाई जाएगी वारदात : एसएचओ
फुटेज में केवल एक ही युवक दिखाई दे रहा है। उसने कपड़े से मुंह ढक रखा है। आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी चेक की जाएगी, शायद कोई और सुराग मिल जाए। आसपास से डंप उठाए गए हैं। ज्वेलरी शोरूम संचालक की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- प्रदीप कुमार, एचएचओ सिटी थाना, बहादुरगढ़।
- कैश और डिस्पले के लिए रखे आभूषण ले गया चोर
- सेफ बॉक्स बचा, अन्यथा होता ज्यादा नुकसान
- छत का जाल और पिछला दरवाजा तोड़कर दिया वारदात को अंजाम