अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
राजपूत समाज व हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बहादुरगढ़ में पद्मावत फिल्म का अहिंसापूर्वक विरोध किया। सड़कों पर भीड़ करने के बजाय लोगों ने रोहतक रोड स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया। समाज के लोगों से उक्त विवादित फिल्म पद्मावत न देखने का आग्रह किया।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश प्रवक्ता व अध्यक्ष राजपूत सभा बहादुरगढ़ दिनेश सिंह शेखावत के नेतृत्व में वीरवार को कई हिंदू संगठन के लोग रोहतक रोड स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एकत्र हुए। धारा-144 लगी होने का हवाला देकर दिनेश एवं अन्य प्रमुख लोगों ने युवाओं व दूसरे संगठनों के लोगों को वापस भेज दिया। रेस्ट हाउस में मौजूद अधिकारियों के समक्ष शातिपूर्वक ढंग से लोगों ने अपनी बात रखी और अपना प्रदर्शन संपन्न कर दिया।
शेखावत ने कहा कि हम समाज में भाईचारा को कायम रखकर संजय लीला भंसाली को यह संदेश देना चाहते हैं कि इस तरह की समाज को बांटने वाली फिल्में भविष्य में ना बनाए। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के झज्जर जिला अध्यक्ष और बहादुरगढ़ राजपूत सभा के महामंत्री सतबीर सिंह चौहान ने कहा कि रानी पद्मावती के जौहर को भी मनोरंजन का साधन बना कर समाज को आहत करने की कोशिश की गई। फिल्म पद्मावत से पूरे देश के हिंदूओं की भावनाएं आहत हुई जिसके कारण लोगों में काफी रोष है।
उपाध्यक्ष संदीप चौहान, महामंत्री सतबीर सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष गुमान सिंह, सचिव विजय सिंह शेखावत, ललिता राजपूत, पंकज गर्ग, सुधीर शेखावत, नरेश रोहिल्ला, अरुण राणा, आरबी गौड़, अनिल यादव, सुधीर भारद्वाज, कृष्ण कांत, प्रदीप सिन्हा, राजेश पंडित, शमशेर भुक्कल, सूर्यभान, रामबिलास सिंह, जय सिंह, धर्मेंद्र राठौड़, पंजाब सिंह प्रदर्शन में शामिल थे।