बिना डिग्री व पंजीकरण के ही अस्पताल चला रहे दो चिकित्सक गिरफ्तार
चरखी दादरी।
स्वास्थ्य विभाग की सीएम फ्लाइंग ने शहर के निजी अस्पतालों में औचक छापेमारी की। इस दौरान दो अस्पताल संचालक बिना पंजीकरण व बिना डिग्री के ही अस्पताल रहे थे। टीम अधिकारियों की शिकायत पर शहर पुलिस ने इन अस्पताल संचालकों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। टीम की ओर से अस्पतालों में सभी कागजात एवं दस्तावेज आदि की बारिकी से जांच की गई। इसे लेकर निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
स्वास्थ्य विभाग की सीएम फ्लाइंग ने वीरवार को देर शाम तक शहर के विभिन्न भागों में स्थित निजी अस्पतालों में औचक छापेमारी की। टीम में चरखी दादरी एसएमओ डॉ. अनिता गुलिया, सीआईडी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अस्पतालों में जाकर गहनता से जांच की।
टीम ने शहर के बस स्टैंड रोड स्थित एक निजी अस्पताल में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने यहां अस्पताल के पंजीकरण से संबंधित आवश्यक कागजात एवं दस्तावेज मांगे लेकिन इस अस्पताल का न तो पंजीकरण मिला और न ही अस्पताल मालिक के पास डॉक्टर की डिग्री मिली। तत्पश्चात टीम ने बंगाली अस्पताल के मालिक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
इसी प्रकार फ्लाइंग टीम ने शहर के बस स्टैंड रोड पर ही एक अन्य अस्पताल में जाकर जांच शुरू की। सीएमओ डॉ. रणदीप पूनिया ने बताया कि इस अस्पताल के संचालक के पास भी चिकित्सक की डिग्री व अस्पताल का पंजीकरण नहीं मिला। पुलिस ने अस्पताल के इस मालिक को भी पकड़ लिया। तत्पश्चात टीम ने शहर के चंपापुरी क्षेत्र में भी एक निजी अस्पताल में जाकर अस्पताल की जांच पड़ताल की। अधिकतर निजी अस्पतालों में सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जिससे मरीजों के साथ खिलवाड़ हो रहा है। समाचार लिखे जाने तक टीम की शहर में छापामारी लगातारी जारी थी।
---
अस्पतालों से दवा व उपकरण बरामद हुए
जांच के दौरान टीम ने दोनों अस्पतालों से प्रचुर मात्रा में ऐसी दवाइयां भी बरामद की हैं जिनका शरीर पर दुष्प्रभाव पड़ता है। इन दवाइयों के सैंपल भी टीम ने लिए हैं तथा जांच के लिए लैब में भिजवा दिए हैं। इसके अलावा टीम ने अस्पतालों से विभिन्न प्रकार के चिकित्सीय उपकरण व यंत्र भी बरामद किए हैं जो चिकित्सा उपचार में प्रयुक्त किए जाते हैं।
---
पुलिस ने इस संबंध में दोनों निजी अस्पताल मालिकों के खिलाफ इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने अस्पतालों से दवाइयां व उपकरण आदि भी बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता, सुरेंद्र दांगी
----
विभाग की टीमें लगातार विभिन्न भागों में स्थित अस्पतालों में छापेमारी कर रही हैं। निजी अस्पतालों में सभी सरकारी नॉर्म्स की जांच की जा रही है। बिना पंजीकरण व डिग्री के अस्पताल चला रहे संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
सीएमओ डॉ. रणदीप पूनिया