फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किर्गिस्तान से एमबीबीएस कराने के नाम पर 13.53 लाख ठगे

विज्ञापन
विज्ञापन
12वीं पास को किर्गिस्तान से एमबीबीएस कराने का झांसा देकर 13.53 लाख ठगे
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
किर्गिस्तान की एक यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस कराने के नाम पर चचेरे भाई-बहन सहित एक अन्य युवक से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। ढाणी फौगाट निवासी दीपक और शीशवाला निवासी संदीप ने एक पिता और पुत्री पर धोखाखड़ी के आरोप लगाए हैं। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में आरोपी पक्ष पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता दीपक और संदीप का आरोप है कि किर्गिस्तान जाने के बाद जब उन्हें फर्जीवाड़े का पता चला तो बंधक बनाकर उनके वीजा और अन्य कागजात भी छीन लिए। इसके बाद मामले की जानकारी भारतीय दूतावास और किर्गिस्तान यूनिवर्सिटी के अधिकारियों को दी गई। आरोपी पिता-पुत्री पर एक पक्ष ने 7.53 लाख तो दूसरे पक्ष से छह लाख रुपये की ठगी करने के आरोप लगाए हैं। यह मामला सामने आते ही पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने इस पर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
सदर पुलिस को दी शिकायत में ढाणी फौगाट निवासी दीपक ने बताया कि उसकी चचेरी बहन नविता और वह 12वीं पास हैं। विदेश से एमबीबीएस कराने के लिए उसके चाचा ने महेंद्र नामक एक व्यक्ति को उन दोनों के दस्तावेज और करीब 45 हजार रुपये दिए थे। सितंबर 2017 में सुमन नामक एक युवती के नंबर से उसके चाचा कला सिंह के पास फोन आया। फोन करने वाली युवती ने बताया कि वह उनकी बेटी और भतीजे का किर्गिस्तान की एक यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस में दाखिला करवा देगी। युवती सुमन ने बताया कि वह खुद किर्गिस्तान की यूनिवर्सिटी से एमडी कर रही है। दीपक ने बताया कि उसके चाचा ने विश्वास कर महेंद्र नामक शख्स से उनके दस्तावेज वापस लेकर सुमन को सौंप दिए। सुमन ने शीशवाला निवासी एक अन्य युवक संदीप का दाखिला भी किर्गिस्तान की यूनिवर्सिटी में कराने की बात कही। इसके बाद उसके चाचा ने 19 सितंबर को तीन लाख रुपये सुमन को दिए। इसके अलावा भी फीस के नाम पर कुल सात लाख 53 हजार रुपये दे दिए। दीपक का कहना कि महेंद्र नामक शख्स ने 45 हजार रुपये सुमन को दिए। इसके बाद सुमन आठ दिसंबर को दीपक, नविता और संदीप को किर्गिस्तान ले गई। उन्हें छह दिन तक बिस्केक शहर में रखा। दीपक ने बताया कि 12 दिसंबर को बिस्केक को बर्फबारी वाला शहर बताकर उनको ओस शहर ले गई। वहां उनको 20-22 दिन तक एक फ्लैट में ठहराए रखा और यूनिवर्सिटी में कक्षाएं न लगने का तर्क देकर उनको गुमराह करती रही।
विज्ञापन

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सुमन ने एक अन्य युवक विकास की मदद से दादरी शहर की एक ऑयल मिल से भी तीन लाख रुपये और मंगवाए। सुमन और उसके पिता अनूप ने उनसे ठगी कर किर्गिस्तान की ओस स्टेट यूनिवर्सिटी का फर्जी दाखिला फार्म थमा दिया। ऐसी ही एक शिकायत शीशवाला निवासी संदीप ने भी सदर थाना पुलिस को दी है। शिकायतकर्ता ने पिता-पुत्री पर छह लाख रुपये की ठगी करने के आरोप लगाए हैं। संदीप का कहना है कि उसे भी ढाणी फौगाट निवासी भाई-बहन की तरह ही ठगी का शिकार बनाया गया। उसके परिजनों ने भी ग्रामीणों की मौजूदगी में रुपये दिए थे। सदर थाना पुलिस ने दोनों शिकायतों पर कार्रवाई कर आरोपी पिता-पुत्री पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

बंधक बनाने और दस्तावेज छीनने के भी आरोप
दोनों पीड़ित पक्षों ने किर्गिस्तान ले जाकर उन्हें बंधक बनाकर रखने और दस्तावेज छीनने के आरोप भी लगाए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इसका विरोध करने पर उनको जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोपी पक्ष पर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाकर ठगी कर लाखों रुपये हड़पने के आरोप भी लगाए हैं।

भारतीय दूतावास और यूनिवर्सिटी प्रशासन को भी दी शिकायत
ढाणी फौगाट निवासी पीड़ित चचेरे भाई -बहन दीपक और नविता के साथ-साथ शीशवाला निवासी संदीप ने ठगी की शिकायत भारतीय दूतावास और किर्गिस्तान यूनिवर्सिटी प्रशासन को भी की है। पीड़ितों ने बताया कि वहां भी उन्हें मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।

बीएसएफ में एएसआई है आरोपी अनूप
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उनके साथ ठगी में शामिल युवती सुमन का पिता अनूप बीएसएफ में एएसआई है। उसकी पोस्टिंग आरएस पुरा जम्मू-कश्मीर में है। उनका कहना है कि अनूप ने भी उनके परिजनों को किर्गिस्तान में दाखिला कराने का आश्वासन देने के साथ-साथ रकम की गारंटी भी ली थी।
विज्ञापन


वर्जन::
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत के आधार पर पिता-पुत्री सुमन और अनूप पर पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ताओं ने धोखाधड़ी, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। - सुरेंद्र दांगी, पुलिस प्रवक्ता, चरखी दादरी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें