अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
गांव अकेहड़ी मदनपुर में तेज रफ्तार कार ने बस स्टैंड पर बस के इंतजार में खड़ी महिला व एक युवक को टक्कर मार दी, जिससे महिला की मौत हो गई और युवक को गहरी चोट आई हैं। महिला व युवक को टक्कर मारने के बाद कार सड़ककिनारे एक बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में कार चालक महिला प्राध्यापक व उसके बेटे को भी गहरी चोटें आई हैं। हादसे के बाद छुछकवास-कोसली मार्ग काफी देर तक अवरुद्ध रहा। घायल कार चालक महिला प्राध्यापक और घायल युवक को झज्जर के निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां से घायल युवक आशीष को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार गांव मूंदसा के पूर्व सरपंच बृजपाल की पत्नी सुशीला साल्हावास स्कूल में प्राध्यापक है, जो घर से बच्चों को कार से स्कूल छोड़ने जा रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि हर रोज तेज रफ्तार से कार लेकर जाती है। मृतक महिला अंजू पत्नी हरिकिशन निवासी अकेहड़ी मदनपुर से दादरी किसी कार्य से जा रही थी और गांव के स्टैंड पर बस के इंतजार में खड़ी थी। कार की टक्कर से महिला अंजू की मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार कार की स्पीड तेज होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और बस के इंतजार में खड़ी महिला अंजू व युवक आशीष को टक्कर मारते हुए कार सड़क किनारे खंभे से टकरा गई। हादसे में चालक सुशीला और उसके बेटे को चोट आई हैं। घटना की सूचना के बाद साल्हावास पुलिस मौके पर पहुंची।
वर्जन
मृतक के परिजनों की शिकायत पर सुशीला पत्नी पूर्व सरपंच बृजपाल के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाकर हादसा करने का मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाते हुए परिजनों को सौंप दिया गया है। पूर्व सरपंच की पत्नी एक निजी स्कूल में शिक्षिका है।
- संदीप कुमार, एसएचओ, साल्हावास।