बादली। गांव कुकड़ोला में एक ही रात में तीन घरों में चोरी हो गई। चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और डेढ़ लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया। चोरी की वारदात के बाद ग्रामीणों में रोष है। वहीं पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरी की वारदात सोमवार रात को हुई। चोरों ने जयकिशन प्रधान और हरेंद्र पुत्र नफे सिंह, रणबीर पुत्र रण सिंह, प्रेमवीर पुत्र अमृत सिंह के घरों में चोरी की। हालांकि धर्मबीर पुत्र अमृत सिंह के मकान का ताला भी टूटा हुआ मिला है लेकिन मकान में कोई नहीं रहता था और न ही कोई कीमती सामान रखा था। इसके चलते चोर सामान को इधर-उधर बिखेरने के बाद भाग गए। एक ही रात में तीन घरों में चोरी के बाद ग्रामीणों में भी रोष है। हरेंद्र ने बताया कि चोरी का पता उन्हें रात 3 बजे ही लग गया और उसी समय पुलिस को 100 नंबर पर फोन किया लेकिन सुबह 7 बजे तक पुलिस का नंबर नहीं मिला। उन्होंने सुबह साढ़े सात बजे बादली डीएसपी अशोक कुमार को फोन पर चोरी की सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। जयकिशन के अनुसार रात करीब 3 बजे कूलर की हवा बंद हुई तो वह दरवाजा खोलने के लिए उठा। जब दरवाजे को खोलने का प्रयास किया तो वह बाहर से बंद मिला। ऐसे में उन्हें कुछ अनहोनी की आशंका हो गई और शोर मचाना शुरू कर दिया। किसी तरह से दरवाजा खोलकर बाहर आए तो चोरी हो चुकी थी।
वारदात नंबर 1 : गांव के प्रधान जयकिशन के मकान को चोरों ने निशाना बनाया। रात के समय जय किशन और हरेंद्र अपने अपने कमरों में सो रहे थे कि चोरों ने मकान में सेंध लगा दी। चोरों ने जयकिशन और हरेंद्र के कमरों को बाहर से बंद कर एक कपड़े से बांध दिया। ताकि कोई बाहर न निकल सके। चोरों ने महिला सरपंच के गहने सहित कमरे के ताले तोड़कर अलमारी में रखे सामान को चोरी कर लिया। चोरों ने मकान से दो सोने के हार, दो सोने की चैन, चांदी के बर्तन और 15 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
वारदात 2 : रणबीर पुत्र रणसिंह के मकान में भी चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी की। चोरों ने रणबीर को भी कमरे में बंद कर दिया और दूसरे कमरे में रखी अलमारी के ताले चटका दिए। अलमारी में सोने का टीका, तागड़ी, 4 अंगूठी और चेन सहित एक लाख रुपये रखे थे। चोरों ने सारा सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी परिवार के सदस्यों को सुबह पता चली।
वारदात 3 : चोरों ने प्रेमवीर के मकान में सेंध लगाकर 25 हजार रुपये की नकदी और सोने चांदी के गहनों सहित अलमारी में रखे कीमती कपड़े भी चोरी कर लिए। चोरों ने प्रेमवीर के गेट का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश किया जबकि सो रहे परिवार के सदस्यों को कमरे में ही कैद कर दिया। मकान में रखे कपड़े से कमरे का दरवाजा बांध दिया ताकि कोई सदस्य बाहर न निकल सके।
ग्रामीणों में रोष
जिन तीन मकानों में चोरी हुई है, ये तीनों आसपास हैं। चोरी की इस वारदात से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही रात में तीन तीन मकानों में चोरी होना ये साबित करता है कि चोरों में कानून व्यवस्था का कोई भय नहीं। पुलिस प्रशासन क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाए। साथ ही वारदात को अंजाम देने वाले चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक की जाएगी। जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर वारदात सुलझा ली जाएगी।
फूल कंवार, थाना प्रभारी, बादली।