झज्जर। रविवार की रात को माछरौली गांव के मंदिर से अपहरण किए गए महंत को अपहरणकर्ता ने मारपीट कर रूड़ियावास गांव के पास एक बंद पड़े होटल पर फेंक दिया। महंत के साथ इस बीच आरोपी ने कई बार मारपीट की। सुबह जब महंत शिवचेतन महाराज को होश आया तो वह रूड़ियावास गांव के मंदिर में पहुंचा। जहां पर घायल का मंदिर में मौजूद लोगों ने सहायता की और जलपान कराया। उसके बाद साधु ने उन्हें आपबीती बताई तो उन्होंने उसे बस में बैठाकर माछरौली भेजा। महंत के पहुंचने पर गांव के सरपंच ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस महंत को लेकर सामान्य अस्पताल में मेडिकल जांच करवाने के लिए पहुंची और उसके बाद मजिस्ट्रेट के 164 के बयान दर्ज करवाए गए। माछरौली गांव के श्री श्याम मंदिर में महंत शिवचेतन महाराज ने बताया कि रविवार की रात करीब बारह बजे एक युवक शराब के नशे में आया और उसे सोते हुए को उठाकर उसके साथ मारपीट की। उसके बाद वह उसे बाइक पर बैठाकर ले गया। साधु ने बताया कि गांव का ही युवक अपना नाम राकेश उर्फ चीनियां बता रहा था। वह शराब के नशे में धुत था। उसने उसके साथ मारपीट की है। वह कह रहा था कि किसने उसे मंदिर में लाकर छोड़ा है वह उसे वहां पर नहीं रहने देगा। कोई कमेटी नहीं हैै। जो कुछ है केवल वो है।
यह है मामला
माछरौली के मंदिर में रहने वाले महंत रविवार की रात को मंदिर में सोए हुए थे। उस समय उसके साथ मारपीट कर महंत का अपहरण कर लिया गया। मंदिर में उसके खून के छींटे पड़े थे। महंत के अपहरण का मामला मंदिर कमेटी के सदस्य रोहतास पुत्र मांगे राम ने दर्ज कराया था। उसके बाद पुलिस साधु की तलाश में जुटी हुई थी।
श्रीश्याम मंदिर के महंत वापस गांव पहुंच गए हैं। महंत के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज करवा दिए गए हैं। महंत ने माछरौली गांव के ही राकेश नाम के युवक पर अपहरण कर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
सुधीर कुमार, जांच अधिकारी, पुलिस थाना माछरौली।