झज्जर। दो दिन पूर्व घर से रात में लापता हुए डीघल के किसान सत्यनारायण उर्फ सत्तू का सिर कटा शव शनिवार की शाम गांव के फ्लाईओवर के पास मिला। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम से मौका मुआयना करवाते हुए रात करीब साढे़ 11 बजे सामान्य अस्पताल में शव पहुंचाया। जहां पर रविवार को सुबह पोस्टमार्टम होगा।
दुजाना थाना प्रभारी सोमबीर ने बताया कि 30 मई की रात करीब 12 बजे डीघल गांव निवासी सत्यनारायण उर्फ सत्तू घर से लापता हो गए थे। जिसकी गुमशुदगी परिजनों ने 31 मई को दर्ज करवाई थी। शनिवार शाम को राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। उन्होेंने बताया कि फ्लाईओवर के पास एक शव पड़ा है, जिसमें से बदबू आ रही है। संदेह होने पर सत्यनारायण के परिजनों को सूचित किया गया जो कि मौके पर पहुंचे। हत्यारों ने सत्यनारायण का सिर धड़ से अलग करते फेंका था। जिसका कुछ हिस्सा धड़ के पास से ही बरामद कर लिया गया। मृतक की शिनाख्त परिजनों ने कपड़ों से की। जिसके बाद मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया। एफएसएल टीम द्वारा मौका मुआयना करने पश्चात शव को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां पर रविवार सुबह पोस्टमार्टम होगा।
मृतक सत्यनारायण(53) खेती-बाड़ी करता था। जिसके दोनों बेटे दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। मृतक के परिजनों ने किसी पर भी हत्या का संदेह जाहिर नहीं किया है। फिलहाल हत्या की गुत्थी पूरी तरह से उलझी हुई है लेकिन पुलिस टीमें सुलझाने में जुटी हुई हैं। घटना की जानकारी मिलने पर सीआईए टीम भी मौके पर पहुंच गई थी।