अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। सांतोर निवासी नसीब का मर्डर करने आए बदमाशों ने नौ जनवरी की रात को मुरथल के समीप से क्रेटा गाड़ी लूटी थी। बदमाशों ने गाड़ी चालक यमुनानगर निवासी राजेंद्र को गोली मारकर गाड़ी लूटी थी। इसके बाद क्रेटा गाड़ी का इस्तेमाल पानीपत में एक मर्डर करने में भी किया था। सीआईए दादरी की जांच में यह बात सामने आई है। गौरतलब है कि आरोपी इसी गाड़ी में सवार होकर सांतोर गांव निवासी नसीब का मर्डर करने पहुंचे थे। खेत में कीचड़ में फंसने पर आरोपी इसे छोड़कर फरार हो गए थे। तीनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें सीआईए, स्पेशल स्टाफ और इमलोटा पुलिस चौकी जुटी हुई हैं। फिलहाल आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है। सीआईए प्रभारी कर्मवीर का कहना है कि आरोपियों के पकड़ में आने के बाद ही खुलासा हो सकेगा कि वे मर्डर की कितनी वारदात को अंजाम दे चुके हैं।
पुलिस को दी शिकायत में सरूपगढ़ निवासी नसीब ने बताया था कि वह गाड़ी चलाता है। कई साल पहले बहादुरगढ़ में एक व्यक्ति के हत्याकांड में उसका और दो अन्य लोगों का नाम आया था। बाद में निर्दोष साबित होने पर कोर्ट ने उन्हें रिहा कर दिया था। इसके बाद भी मांडोठी के कुछ लोग उनसे रंजिश रखे हुए हैं। गत मंगलवार को उनके गांव में भंडारा था। वह भी वहां गया था। इसी दौरान उस पता चला कि मांडोठी निवासी समुंद्र अपने दो अन्य साथियों के साथ उसे मारने के लिए सांतोर आया है। नीली बत्ती और फर्जी नंबर प्लेट लगी क्रेटा गाड़ी में सवार थे। इमलोटा-सरूपगढ़ रोड पर खेत में गाड़ी फंसने पर वे पैदल ही हथियार लेकर गांव में घुसे। नसीब ने बताया कि इस दौरान उसने छिपकर जान बचाई थी। बदमाशों के वहां से जाने के बाद पुलिस को सूचित किया था। पुलिस ने क्रेटा गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच की तो सामने आया कि यह गाड़ी बठिंडा निवासी पवन बंसल की है। उसके चालक यमुनानगर निवासी राजेंद्र को गोली मारकर लूटी गई थी। वहीं, पुलिस जांच में सामने आया कि इसी गाड़ी में बदमाशों ने पानीपत में भी मर्डर किया है। इसके बाद से ही सीआईए टीम सोनीपत और पानीपत पुलिस से संपर्क साधे हुए है लेकिन फिलहाल आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।
मालिक के बेटे के लेने एयरपोर्ट जा रहा था चालक राजेंद्र
गोली मारकर गाड़ी छीनने का मामला सोनीपत पुलिस ने दर्ज कर रखा है। उनके मुताबिक राजेंद्र अपने मालिक पवन बंसल को एयरपोर्ट लेने दिल्ली जा रहा था। मुरथल स्थित महारानी ढाबा के सामने उसने चाय पीने के लिए गाड़ी रोक ली। रात करीब दो बजे वह चाय लेकर गाड़ी में बैठा तो तीन युवकों ने उससे गाड़ी से उतरने की बात कही। मना करने पर उसके पेट में गोली मारी और घायलावस्था में छोड़कर गाड़ी लेकर फरार हो गए।
कोट
जो गाड़ी पुलिस ने सांतोर गांव से बरामद की है वो मुरथल के एक ढाबे से यमुनानगर निवासी राजेंद्र को गोली मारकर लूटी गई थी। इसके बाद पानीपत में एक मर्डर में भी इसे प्रयोग किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें जुटी हुई हैं। जल्द ही आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। - कर्मबीर सिंह, सीआईए प्रभारी