अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
गांव पाटौदा के खेल स्टेडियम में लगी राव तुलाराम की प्रतिमा को तोड़ने के मामले में गांव के लोगों ने एक अनोखा फैसला लिया है। इस फैसले के तहत गांव के राजपूत समाज के हर घर को जुर्माने के रूप में एक-एक रुपया देना होगा। हालांकि प्रतिमा तोड़ने के इस मामले में पहले ही पुलिस राजपूत समाज के सहयोग से गांव के ही दो युवकों को गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन उसके बावजूद भी यादव समाज के लोगों को मानना था कि मामले में एक नहीं बल्कि कई लोगों का हाथ है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रविवार को गांव में क्षेत्र के कई गांवों की महापंचायत हुई थी। गांव में यादव समाज के करीब 600 घर हैं और राजपूत समाज के करीब 125 घर हैं।
इस महापंचायत में जिला पुलिस प्रशासन को बाकि बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन दिनों का अल्टीमेटम दिया गया था। लेकिन यह अवधि बीतने से पहले ही बुधवार को गांव की 36 बिरादरी की एक पंचायत गांव के खेल स्टेडियम में हुई। पंचायत में समाज के हर व्यक्ति ने भाग लिया। पंचायत की अध्यक्षता गांव के बुजुर्ग जगत सिंह ने की।
इस प्रकार हुआ फैसला
पंचायत में काफी देर तक चली मंत्रणा के दौरान राजपूत समाज के लोगों द्वारा इस मामले में समाज के युवाओं के संलिप्त होने पर माफी भी मांगी गई। लेकिन बाद में इस मामले में 11 सदस्यीय एक कमेटी का गठन किया गया। 11 सदस्यीय कमेटी ने काफी देर तक चली मंत्रणा के बाद अपना फैसला सुनाया। फैसले में राजपूत समाज के हर घर को एक रुपया जुर्माने के रूप में अदा करने का फैसला किया गया। इसके बाद प्रतिमा का दोबारा निर्माण कराने के लिए पूरे गांव से चंदा राशि एकत्रित करने की घोषणा की गई।
नरेंद्र कौशिक ने पढ़कर सुनाया फैसला 11 सदस्यीय
कमेटी का फैसला कमेटी में शामिल नरेंद्र कौशिक द्वारा पढ़कर सुनाया गया। बाद में मीडिया द्वारा पूछे सवालों का जवाब देते हुए कौशिक ने बताया कि पंचायत का यह फैसला किसी समाज की भावना को आहत करने के लिए नहीं लिया गया। बल्कि यह फैसला इसलिए लिया है, ताकि पंचायत का फैसला भविष्य के लिए सबक बने सके। भविष्य में जो भी ऐसा कार्य करने की सोच रखे उसके सामने इस फैसले का परिदृश्य पहले आ जाए और वह ऐसा घिनौना कार्य करने की हिम्मत न जुटा सके।
कमेटी में ये रहे शामिल
गांव पाटौदा में राव तुलाराम की प्रतिमा तोड़ने के लिए मामले में बुधवार को हुई पंचायत में 11 सदस्यीय कमेटी में बीर सिंह यादव, सतबीर सिंह, रघुबीर सिंह, राव अजय पार्षद पाटौदा, ठाकुर विजय सिंह, ठाकुर महेश सिंह, पंच सुरेंद्र, पंच प्रमोद, पंच बालकिशन व नरेंद्र कौशिक आदि शामिल रहे।
राजपूत समाज करेगा फैसले की समीक्षा : चौहान
राजपूत समाज को पंचायत के द्वारा जो दंड लगाया है, उसे लेकर समाज के लोग समीक्षा करेंगे। फैसले को लेकर समाज के लोगों में कुछ नाराजगी है क्योंकि दंड पूरे समाज पर लगाया गया है। जिसके चलते राजपूत समाज इस बारे में अभी फैसला लेगा।
यादव समाज देगा अब हलफनामा
मामले में जिन दो युवाओं की गिरफ्तारी हुई है, उनकी रिहाई के लिए यादव समाज अब एफिडेविट देगा। इसमें यादव समाज के लोग लिख कर देंगे कि वो इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते। इसके बाद एफिडेविट कोर्ट में दाखिल करवाया जाएगा। ताकि मामला को कोर्ट से खत्म करवाया जा सके।