दीवार में सेंधमारी कर हजारों के इंवर्टर और बैटरी की चोरी
बौंदकलां।
गांव फौगाट में बस स्टैंड स्थित एक बैटरी हाउस की दीवार में शनिवार को सेंधमारी कर चोरों ने हजारों का सामान चोरी कर लिया। पीड़िता दुकान संचालक की शिकायत पर बौंदकलां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सुरेंद्र उर्फ बिल्लू ने बताया कि फौगाट सांजरवास में उसकी चौधरी बैटरी हाउस के नाम से दुकान है। पीड़ित ने बताया कि शुक्रवार को शाम वह अपनी दुकान बंद कर घर गया था। शनिवार सुबह जब उसने शटर उठाया तो पीछे की दीवार क्षतिग्रस्त मिली। पीड़ित ने बताया कि इस पर उसे अनहोनी की आशंका हुई और उसने वहां रखीं इंवर्टर-बैटरियों की जांच की तो छह बैटरियां व एक इंवर्टर गायब मिले। पीड़ित ने मामले की शिकायत बौंदकलां पुलिस थाने में दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ज्ञात रहे कि बौंदकलां क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की एक दर्जन से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन पुलिस अभी तक एक भी मामले को ट्रेस आउट नहीं कर पाई है।