25 हजार वोल्ट के झटके से बाल-बाल बचा मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति
- शनिवार सुबह पांच बजे बिजली के पोल पर चढ़ा था व्यक्ति, चंडीगढ़ जीएमसीएच में करवाया दाखिल
- एक घंटे की मशक्कत के बाद आरपीएफ कर्मियों ने ओएचई पोल से बहला-फुसलाकर नीचे उतारा
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
मानसिक रूप से विक्षिप्त एक व्यक्ति चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 25 हजार वोल्ट के बिजली के खंभे पर चढ़ गया। जब स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने इसकी सूचना आरपीएफ और रेलवे के स्थानीय अधिकारियों को दी तो स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। जिसके तुरंत बाद रेलवे स्टेशन स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर अनाउसमेंट की गई। पांच मिनट के अंदर आरपीएफ कर्मी मौके पर पहुंचे और सभी उसे बिजली पोल से उतारने की जद्दोजहद में जुट गए। पहले तो बिजली की सप्लाई बंद की गई। उसके बाद सीढ़ियों के माध्यम से आरपीएफ एएसआई मंजीत सिंह ने हमराह स्टाफ के साथ उस व्यक्ति को प्लेटफार्म के शेड पर सीढ़ियों के माध्यम से धीरे-धीरे उसे नीचे उतारा, उसके पांव में जख्म होने के कारण प्राथमिक उपचार देकर उसे चंडीगढ़ सेक्टर-32 के जीएमसीएच में दाखिल करवाया गया।
दरअसल शनिवार की अल सुबह पांच बजे मानसिक रूप से विक्षिप्त एक व्यक्ति चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-दो और तीन के ओएचई पोल पर चढ़ गया। जिसमें बिजली की तार में 25 हजार वोल्ट का करंट दौड़ रहा था। गनीमत रही कि व्यक्ति मेन तार से आधे मीटर की दूरी पर खड़ा था और उसे करंट नहीं लगी। इतने में यात्रियों की नजर व्यक्ति पर पड़ी और इसकी सूचना उन्होंने तत्काल आरपीएफ को दी, आरपीएफ कर्मी तुरंत प्लेटफार्म पर पहुंचे और एसएसई और टीआरडी से बिजली बंद करवाकर व्यक्ति को बहला-फुसलाकर सीढ़ियों के माध्यम से नीचे उतारा गया। व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है, क्योंकि वह कुछ बोल नहीं पा रहा है। उसका इलाज चंडीगढ़ के जीएमसीएच में चल रहा है।