अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में कार्यरत गांव सोंधी के निवासी एक जवान के 50 हजार रुपये चोरी हो गए। पीड़ित युवक ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को दी शिकायत में गांव सौंधी निवासी कृष्ण कुमार सीआईएसएफ में कार्यरत है। वह गत बुधवार को ही आउट पास लेकर अपने गांव लौटा था। रुपयों की जरूरत पड़ी तो वह वीरवार की सुबह बादली स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में गया। बैंक से उसने एक लाख रुपये निकलवाए और कुछ ही दूरी स्थित पंजाब नेशनल बैंक में नई पास बुक बनवाने के लिए चल पड़ा। वह बाइक पर सवार था और पैसों का बैग उसके हाथ में था। जब वह पीएनबी में पहुंचा तो उसे पैसे कम होने का शंक हुआ तो वहां रुपयों की जांच की। जांच में बैग से 50 हजार गायब मिले।
इसके बाद वह तुरंत बादली पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को उक्त मामले की जानकारी दी। कृष्ण का कहना है कि घरेलू कामकाज के लिए उसने बैंक से रुपये निकलवाए थे। उसे शक है कि रुपये बैंक से ही गायब हुए है। पुलिस दोनों बैंकों की सीसीटीवी फुटेज लेकर जांच करे। रुपये गायब होने की इस घटना से वह बेहद दु:खी है। पुलिस उसकी मदद करे।
वहीं, सदर थाना पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने कहा कि व्यक्ति की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है, जल्द मामले को सुलझा लिया जाएगा।