मृतक के भाई व भाभी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भतीजे को लिया रिमांड पर
बाढड़ा।
काकड़ोली हट्ठी निवासी बुजुर्ग प्रताप सिंह की हत्या मामले में बाढड़ा थाना पुलिस ने मृतक के सगे भाई व भाभी को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, हत्याकांड के आरोपी इनके बेटे शंकर को पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया जबकि उसकी पत्नी मनीषा को जेल भेज दिया। बाढड़ा पुलिस ने इस संबंध में मृतक के बेटे के बयान पर इन चारों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।
ज्ञात रहे कि शनिवार शाम काकड़ोली हट्ठी में एक परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था और उसमें प्रताप सिंह (65) की मौत हो गई थी। बाढड़ा थाना पुलिस ने दादरी के सिविल अस्पताल में पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। इस संबंध में पुलिस ने मृतक के बेटे प्रवीन के बयान पर परिवार की ही दो महिलाओं सहित चार के खिलाफ देर रात ही केस दर्ज कर लिया। पुलिस को दिए बयान में मृतक के बेटे ने बताया था कि शनिवार को गांव की एक बारात में गाड़ी भेजने के लिए वह बतौर चालक अपने दोस्त को लेने गया था। प्रवीन ने बताया कि जब वह वापिस घर पहुंचा तो उसके पिता प्रताप व मां के साथ उसका ताऊ राजकुमार, ताई शकुंतला, उनका बेटा शंकर व पुत्रवधु मनीषा धारदार हथियारों से लैस होकर मारपीट कर रहे थे। उसने बताया कि जब वह अपने माता-पिता को छुड़ाने के लिए आगे बढ़ा तो आरोपी मनीषा ने उसके पैर व राजकुमार ने उसके हाथ पकड़ लिए। प्रवीन ने बताया कि हमले में उसके पिता को गंभीर चोटें आई और वो उसे लेकर गोपी सीएचसी में पहुंचे लेकिन वहां चिकित्सक नहीं मिला। प्रवीन ने बताया कि इसके बाद वो अपने पिता को लेकर दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचा जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में बाढड़ा थाना पुलिस ने मृतक के सगे भाई व भाभी सहित उनके पुत्र व पुत्रवधु पर हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी शंकर व मनीषा को रविवार को गिरफ्तार कर लिया था जबकि शंकर के पिता राजकुमार व मां शकुंतला को सोमवार को गिरफ्तार किया।वर्जन::
हत्याकांड के आरोपी राजकुमार व शकुंतला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसमें मामले में पहे गिरफ्तार किए गए शंकर को कोर्ट से एक दिन के रिमांड पर लिया है जबकि उसकी पत्नी को जेल भेज दिया
सुरेंद्र दांगी, पुलिस प्रवक्ता