अमर उजाला ब्यूरो
बेरी (झज्जर)।
बिजली का बिल न भरने को लेकर बिजली निगम की टीम वीरवार को लघु सचिवालय पहुंची और बिजली कनेक्शन को काट दिया। लघु सचिवालय में बिजली का कनेक्शन कटने के बाद करीब दर्जन भर कार्यालयों में अंधेरा छा गया और कार्यालयों में कामकाज भी प्रभावित हो गया।
बिजली निगम के अधिकारी लघु सचिवालय में स्थित सभी कार्यालयों में 31 मार्च तक बिजली बिल भरने के लिए नोटिस भी थमा चुके है और बिल न भरने को लेकर वीरवार को उच्च अधिकारियों से आदेश मिला की लघु सचिवालय का कनेक्शन काट दिया जाए। अब शुक्रवार को लघु सचिवालय में अलग-अलग कार्यालयों में अपने कामकाज के लिए आने वाले ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि लघु सचिवालय में जैनरेटर की सुविधा भी नहीं है।
बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि लघु सचिवालय की तरफ 17 लाख रुपये का बिल था। इसमें से दो लाख पचास हजार रुपये जमा करवा दिए गए। एक सप्ताह पहले ही नोटिस थमाया गया था कि जल्द ही बकाया बिल अदा नहीं किया तो लघु सचिवालय का कनेक्शन काट दिया जाएगा, लेकिन अधिकारियों के कानों तले जूं तक रेंगने का नाम नहीं ले रही। इसका परिणाम यह हुआ कि बिजली निगम की टीम लघु सचिवालय पहुंची और कनेक्शन को काट दिया
लघु सचिवालय में हैं ये कार्यालय
लघु सचिवालय में इस समय एसडीएम कार्यालय, बेरी तहसील, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पुलिस विभाग, डीएसपी बेरी कार्यालय, कृषि विभाग कार्यालय बेरी, खजाना आफिस है। सभी विभागों में बेरी उपमंडल के 36 गांवों के सैकड़ों लोग अपने कार्य के लिए आते है।
वर्जन
लघु सचिवालय का लगभग 17 लाख रुपये बिल बकाया था और ढाई लाख रुपये भर दिया था और 15 लाख रुपये बकाया था। एक सप्ताह पहले ही अधिकारियों को नोटिस थमाया गया था कि 31 मार्च से पहले बकाया बिजली का बिल नही भरा तो कनेक्शन काट दिया जाएगा। वीरवार को बिल अदा न करने को लेकर कनेक्शन काट दिया। अब बिल अदा करने के बाद ही कनेक्शन जोड़ा जाएगा।
- राज सिंह, एसडीओ, बिजली निगम बेरी।