अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
धारौली गांव में मंगलवार को महिला श्रवण देवी किसी वाहन की चपेट में आने से घायल हो गई, जिसके चलते गुस्साए ग्रामीणों ने रोड जाम कर दिया। जाम लगने की सूचना पुलिस को मिलने पर थाना साल्हावास प्रभारी संदीप हुड्डा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग पर अड़े रहे। काफी देर बाद मौके पर तहसीलदार पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। करीब दो घंटे तक बाधित रहे कोसली-झज्जर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
एसएचओ संदीप हुड्डा ने बताया कि धारौली गांव में एक महिला किसी वाहन की चपेट में आ गई थी। जिसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया। इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग लेकर करीब साढे़ 12 बजे सड़क पर जाम लगाकर बैठ गए। उन्हें काफी समझाया गया लेकिन वे नहीं माने तो तहसीलदार मौके पर पहुंचे। जिन्होंने मौजिज लोगों से बात कर से बात करके जाम को खुलवा दिया। जाम लगाने वाले 20 लोगों के खिलाफ नामजद व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसमें आठ महिलाएं भी शामिल हैं।