पैर फिसलने से जेएलएन में डूबा खापड़वास का छात्र, छह घंटे तक मदद नहीं मिली तो ग्रामीणों ने लगाया जाम
झज्जर/मातनहेल। खापड़वास गांव निवासी 12वीं कक्षा के छात्र मनमोहन पुत्र कपूर सिंह का जेएलएन कैनाल में पैर फिसलने से वह डूब गया। घटना शनिवार को सुबह करीब चार बजे की है। मनमोहन अपने चाचा सोमबीर के साथ प्रैक्टिस करने के लिए खेतों की तरफ आया था। जहां पर वह नहर में हाथ धोने के लिए उतरा तो उसका पैर फिसल गया। जिस पर उसके चाचा सोमबीर ने तुरंत इसकी सूचना गांव में दी। जिस पर गांव के लोग नहर पर पहुंचे लेकिन जेएलएन के तेज बहाव के चलते कोई नहर में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सरपंच दारा सिंह ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी तो साल्हवास एसएचओ जसबीर, एएसआई भरपूर व सासरौली चौकी इंचार्ज सुंदरपाल, छुछकवास चौकी इंचार्ज सुरेंद्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे व इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी।
-डेढ़ घंटे तक लगा रहा जाम
घटना को छह घंटे बीत जाने के बाद भी कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे खफा ग्रामीणों ने छुछकवास-कोसली रोड के मातनहेल पुल पर दोनों तरफ ट्रैक्टरों को तिरछा लगाकर करीब 11 बजे रोड को जाम कर दिया। 12 बजे डीएसपी सुरेश कुमार हुड्डा मौके पर पहुंचे व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। जिसके बाद करीब साढे़ 12 बजे झज्जर के नायब तहसीलदार जगबीर सिंह, बेरी व मातनहेल तहसीलदार सुदेश मेहरा मौके पर पहुंचे। जिन्होंने ग्रामीणों को इस आश्वासन पर मनाया कि जब तक मनमोहन को नहर से बरामद नहीं किया जाता, तब तक प्रशासनिक व पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर रहेंगे। जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
-छह गोताखोरों ने खंगाली एक किलोमीटर नहर
प्रशासनिक अधिकारियों ने रेवाड़ी व करनाल से छह गोताखोर बुलवाए। रेवाड़ी से पहुंचे एक गोताखोर ने करीब एक किलोमीटर तक नहर को खंगाला। करनाल से बुलवाए गए गोताखोर पहुंचने में लेट हो गए, इसके चलते ज्यादा देर तक शनिवार को सर्च अभियान नहीं चल सका। प्रशासनिक अधिकारियों से नहर के पानी को खूबडू हैड से बंद करवाया है लेकिन पानी का बहाव कम होने में 10 से 14 घंटे लगते हैं। ऐसे में रविवार सुबह 7 बजे तक पानी जेएलएन कैनाल में कम होगा। जिसके बाद रविवार को सर्च अभियान शुरू किया जा सकेगा।
-देेर शाम पहुुंचे एसडीएम
सर्च अभियान का निरीक्षण करने के लिए शाम करीब पौने बजे एसडीएम विजय सिंह मौके पर पहुंचे। जहां पर वे करीब एक घंटे तक रूके। इस दौरान उन्होंने गोताखोरों से सर्च अभियान को लेकर चर्चा की व रविवार सुबह जल्दी ही शुरू करने के निर्देश दिए।
वर्जन
छात्र के नहर में डूबने की सूचना मिली थी, जिस पर तुरंत संबंधित साल्हावास थाने व चौकियों का स्टाफ मौके पर पहुंच गया था। ग्रामीणों ने जाम लगाया था, जिसे जल्द ही खुलवा दिया गया था। छात्र की तलाश के लिए गोताखोर जुटे हुए हैं।
सुरेश हुड्डा, डीएसपी।
फोटो संख्या-13 से 17