बहादुरगढ़। जिले में सोमवार को 10 कोरोना पॉजिटिव केस मिले। जबकि 7 लोगों को संक्रमण मुक्त होने पर डिस्चार्ज किया गया। रिकवरी रेट 91.1 से घटकर 90.9 प्रतिशत रहा। अब तक 809 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 826 स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक कुल बारह की मौत हो चुकी है और अब 71 पॉजिटिव केस फिलहाल एक्टिव हैं। सोमवार को संक्रमित मिले लोगों में पांच तो झज्जर के गांव वजीरपुर के एक परिवार के सदस्य हैं।
वजीरपुर में कोरोना संक्रमित मिले परिवार का एक 27 वर्षीय युवक रेलवे पुलिस फोर्स में कार्यरत है। उसकी 23 वर्षीय पत्नी, डेढ़ वर्षीय बच्चा और 55 वर्षीय पूर्व सैनिक पिता और 52 वर्षीय मां को भी कोरोना संक्रमण हो गया। स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी को घर में ही आइसोलेट रहने के लिए कहा है। गांव न्यौला निवासी 27 वर्षीय युवा किसान व माछरोली के 49 वर्षीय सरकारी कर्मचारी को भी घर में ही रखा गया है। शिव कालोनी झज्जर की 32 वर्षीय गृहिणी को राजकीय अस्पताल झज्जर में भर्ती कराया गया है। बहादुरगढ़ की प्रीतम कालोनी की 50 वर्षीय महिला को डिस्चार्ज कर दिया गया और गांव नूना माजरा की 25 वर्षीय छात्रा को एसडीएच बहादुरगढ़ में दाखिल किया गया है।
सात किए गए डिस्चार्ज
सोमवार को डिस्चार्ज किए गए 7 लोगों में दो झज्जर क्षेत्र के और पांच बहादुरगढ़ क्षेत्र के हैं। गांव लुहारी के 28 वर्षीय युवक और गोरिया के 26 वर्षीय युव को होम आइसोलेशन से मुक्त कर दिया गया। सुभाषनगर बहादुरगढ़ के 45 वर्षीय व्यक्ति को एम्स बाढ़सा से, प्रीतम कालोनी की गली-3 की 50 वर्षीय महिला को पीजीआई रोहतक से और शास्त्रीनगर की गली-3 के 34 वर्षीय युवक को एसडीएच बहादुरगढ़ से छुट्टी दे दी गई। ओमेक्स सिटी की टावर नंबर-8 के निवासी 36 वर्षीय युवक और पटेलनगर की गली नंबर-4 की 28 वर्षीय महिला को होम आइसोलेशन से डिस्चार्ज कर दिया गया।