गांव सांखोल में वीरवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। विवाहिता की मौत मामले पर नागरिक अस्पताल में ससुराल और मायके पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। मायके पक्ष की शिकायत पर पति, सास, ससुर, देवर व देवरानी पर हत्या का केस दर्ज हुआ है। दरअसल, वीरवार की सुबह सेक्टर छह थाना पुलिस को सूचना मिली कि गांव सांखोल निवासी एक विवाहिता ने फंदा लगा लिया है। पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। नागरिक अस्पताल में जब शव का पोस्टमार्टम हो रहा था तो यहां मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या करने के आरोप लगाए। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। उधर, मामले के जांच अधिकारी पवन कुमार ने कहा कि मृतका के पिता के बयान पर पति, सास-ससुर, देवर व देवरानी पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
2010 में हुई थी शादी
मूलत: ताजपुर जिला सोनीपत नवासी 29 वर्षीय कविता की शादी वर्ष 2010 में गांव सांखोल निवासी मनोज के साथ हुई थी। मनोज कोई निजी काम करता है। दोनों की कोई संतान नहीं है। बताते हैं कि इनके बीच दहेज आदि के लिए पहले भी झगड़े होते रहे हैं।
परिजन बोले, मारी गई है हमारी बेटी
पुलिस को दी शिकायत में सतवीर ने कहा है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था। ससुरालियों ने कई बार पैसे मंगवाए, उसके बाद उन्होंने मनोज को ऑटो भी खरीदकर दिया। बुधवार को भी कविता के साथ झगड़ा व मारपीट की गई। फोन पर कविता ने झगड़े की जानकारी दी थी। रात को उक्त लोगों ने उसे मार दिया फिर वीरवार की सुबह उनको सूचना दी कि कविता ने आत्महत्या की है।