कोसली रोड पर एक बेकाबू कार ने पीर बाबा के पास पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मारी, फिर सामने खड़ी बोलेरो गाड़ी को टक्कर मारते हुए नाले में जा घुसी। गाड़ी में चार युवक सवार थे। दो फरार हो गए, जबकि दो अन्य को वहां मौजूद लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल साइकिल चालक को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया।
बताया गया है कि छावनी मोहल्ला निवासी नरेंद्र कुमार शाम को साइकिल पर सवार होकर कोसली रोड पर स्थित पीर बाबा की मजार पर माथा टेकने गया था। घर लौटने समय कोसली से झज्जर की ओर आ रही एक रिट्ज कार ने उसे टक्कर मार दी। कार चालक इसके बाद संतुलन खो बैठा और पीर बाबा के पास खड़ी एक बोलेरो गाड़ी को टककर मार दी। रिट्ज इसके बाद सड़क किनारे नाले में जा फंसी कार में चार युवक सवार थे। दो तो हादसे के बाद वहां से भाग गए, जबकि दो अन्य को लोगों ने मौके पर ही घेर लिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। दोनों युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कार की टक्कर से घायल नरेंद्र को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया। हादसे में उसके सिर व पांव में गंभीर चोटें आईं हैं।