पुलिस चौकी के पास बाइक सवारों ने किए हवाई फायर
मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी, शाम सात बजे हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
बेरी। शहर पुलिस चौकी बेरी के पास रविवार शाम करीब 7 बजे बाइक सवार दो युवकों ने एक मिष्ठान भंडार के बाहर हवाई फायर किए। जिसमें एक फायर मिस हो गया। हवाई फायर करने के बाद दोनों युवक गोशाला मार्ग की तरफ भाग गए। सूचना पर बेरी थाना प्रभारी सुंदरपाल, शहर चौकी इंचार्ज अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे। आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की। वीटी कराने के बाद भी बाइक सवार युवकों का पता नहीं लग पाया।
पुलिस को मौके से एक खोल व मिस फायर का कारतूस मिला है। पुलिस को दी गई शिकायत में विक्रम ने बताया कि शाम करीब 7 बजे बाइक सवारों ने हवाई फायर किए। हवाई फायर होने के बाद पुलिस ने दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। लेकिन बाइक सवार युवकों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देर रात तक इस बात का खुलासा नहीं हो पाया कि बदमाश कौन थे और बेरी बाजार में मिष्ठान भंडार के सामने फायर क्यों किए। जबकि मिष्ठान भंडार संचालक किसी से भी दुश्मनी न होने की बात कह रहे हैं। वहीं शहर चौकी इंचार्ज बेरी अनिल शर्मा का कहना है कि हवाई की सूचना मिली थी। मौके से एक खोल व मिस हुए फायर का सिक्का मिला है। मिष्ठान भंडार के मालिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।