अधिकारियों की बैठक लेते एसडीएम रविंद्र कुमार।
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। लघु सचिवालय बेरी में उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर एसडीएम रविंद्र कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बैठक में कहा कि उपमंडल स्तर पर देश की आजादी का पावन पर्व 15 अगस्त को खेल स्टेडियम में गरिमामयी ढंग से मनाया जाएगा। सभी संबंधित विभाग स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को समय पर पूरा करें। समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां, रिहर्सल और 15 अगस्त को आयोजित होने वाले समारोह में कोरोना प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान रखें।
एसडीएम ने बैठक में नगर पालिका को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था, शिक्षा विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी करने, स्वास्थ्य विभाग को कोरोना प्रोटोकॉल का अनुकरण करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। एसडीएम ने कहा कि समारोह स्थल पर मुख्य मंच के सामने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से रंगोली बनाई जाएगी।
एसडीएम ने कहा स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध वीरांगनाओं, वीर सैनिकों और पूर्व सैनिकों को सम्मान देने का पर्व है। समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां आपसी तालमेल के साथ समय पर पूरी करें। उन्होंने बताया कि समारोह में आयोजित होने वाली परेड में हरियाणा पुलिस, होम गार्ड और एनसीसी की टुकड़ियां भाग लेंगी। स्कूल के विद्यार्थियों की ओर से देश भक्ति से ओत-प्रोत और हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देनी वाले कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी।