सार्वजनिक स्थानों व सड़कों के साथ लगे बिजली के पोल, पिलरों व मेट्रो बेरिकेड्स को लोगों ने प्रचार सामग्री के लिए उपयुक्त जगह समझ ली है।
दिल्ली-रोहतक रोड पर भाजपा व कांग्रेस के कई नेताओं के अलावा कई शिक्षण संस्थाओं ने कई जगह नव वर्ष शुभकामना संदेश अंकित बोर्ड व पोस्टर लगा दिए गए हैं। जिससे सड़क से गुजरते समय वाहन चालकों के लिए ये परेशानी का कारण भी बन रहे हैं।
नव वर्ष की शुभकामनाएं देने के लिए राजनीतिक और अन्य संगठनों से जुड़े लोगों की ओर से पोस्टर, बोर्ड लगाने का सिलसिला जोर-शोर से चल रहा है। सभी प्रमुख मार्गों पर खंभों और दीवारों पर पोस्टर लगे हैं।
प्रशासन की बिना किसी अनुमति के धड़ल्ले से जहां देखों वहां पोस्टर, बैनर व फ्लैक्स लगाए जा रहे हैं। शहर के कई प्रमुख चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टरों और बोर्डों की भरमार है। नजफगढ़ रोड, झज्जर रोड व नाहरा-नाहरी रोड की भी यही हालत है।
मेट्रो को भी नहीं बख्शा
प्रचार सामग्री लगाने वालों ने मेट्रो के बेरिकेड्स को भी नहीं छोड़ा। टीकरी बार्डर से सिटी पार्क मेट्रो स्टेशन तक बेरिकेड्स पर नेताओं के बधाई संदेश देते पोस्टर चिपके हैं।
मेट्रो कर्मचारी समय-समय पर सफाई अभियान चलाते हैं। पिछले हफ्ते ही मेट्रो कर्मियों ने बेरिकेड्स की सफाई की थी और पहले से चिपके पोस्टरों को उतारा था।
मगर अब फिर से बेरिकेड्स को आट दिया गया है। बेरिकेड्स पर लगी रेडिएशन पट्टियां पोस्टरों से ढक गई हैं। अंधेरा और धुंध होने के कारण मोड़ पर बेरिकेड्स न दिखने से कोई भी हादसा हो सकता है।