बहादुरगढ़। बार एसोसिएशन बहादुरगढ़ के चुनाव 17 दिसंबर को होंगे। एसोसिएशन की बैठक में चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया। नामांकन प्रक्रिया 6 दिसंबर से शुरू होगी और 8 तक चलेगी।
पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के निर्देश पर 17 को होने वाली मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। मुख्य चुनाव अधिकारी एडवोकेट तेजवीर सिंह गुलिया को बनाया गया है। उनकी अध्यक्षता में हुई बैठक में बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर चर्चा की गई। बैठक में एडवोकेट उमेद सिंह, अनिल रंगा, वीरेंद्र दहिया, सुनील मलिक, कृष्ण यादव, मुकेश तंवर, अनिल सैनी, प्रदीप कादियान व विजेंद्र गोयल को सहायक चुनाव अधिकारी के तौर पर नियुक्त किया गया है। प्रधान, उपप्रधान व सचिव पद चुनाव के लिए नामांकन शुल्क 11 हजार रुपये और सह सचिव व लाइब्रेरियन कम खजांची चुनाव के लिए नामांकन शुल्क पांच हजार रुपये रखा गया। यह शुल्क नन रिफंडेबल होगा। छह से आठ दिसंबर सुबह 10 से शाम चार नामांकन पत्र दाखिल होंगे।
निर्वाचन अधिकारी तेजवीर सिंह गुलिया के चैंबर नंबर-6 में निर्धारित शुल्क देकर नामांकन प्राप्त किए जा सकेंगे। नौ दिसंबर को सुबह 10 से शाम चार बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे और इसी दिन शाम को चार बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 17 दिसंबर को सुबह नौ से शाम चार बजे तक मतदान होगा। तेजवीर सिंह गुलिया ने बताया कि मतदान के समय कोई भी वोटर मोबाइल फोन, पेन, मार्कर व किसी किस्म का हथियार आदि वोटिंग रूम में लेकर आएगा तो उसे वोट डालने से वंचित कर दिया जाएगा।